ठाणे: लोक अदालत ने किया 24,073 लंबित मामलों को निपटाया
महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक लोक अदालत ने 76 करोड़ रुपये से अधिक के निपटान से जुड़े कम से कम 24,073 लंबित मामलों का निपटारा किया। अदालत के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। ठाणे के विधिक सहायता सेवा प्राधिकरण के सचिव ईश्वर के सूर्यवंशी ने कहा कि 29 अप्रैल को इन मामलों के निपटारे के साथ ठाणे जिले को तीसरी बार राज्य में पहले स्थान पर रखा गया है।
उन्होंने कहा कि 24,073 मामलों के अलावा, 12 करोड़ रुपये से जुड़े 6,625 अन्य मुकदमे-पूर्व मामलों का भी निपटारा किया गया, जिससे कुल मामले 30,698 हो गए, जिसमें 88 करोड़ रुपये की निपटान राशि शामिल थी। अधिकारी ने बताया कि लोक अदालत में 10-15 साल से लंबित कई मामलों का निपटारा भी किया गया जिसके लिए कई पैनल गठित किए गए। उन्होंने कहा कि मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण के तहत 235 मामलों की सुनवाई की गई, जिसमें 18 करोड़ रुपये के दावे शामिल थे और मुआवजे को मंजूरी दी गई थी।
अधिकारी ने बताया कि 72 लाख रुपये से अधिक की बैंक वसूली के कुल 167 मामलों का निपटारा फाइलिंग चरण से पहले ही कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इसके अलावा लोक अदालत में 55 विचाराधीन कैदियों को उनके मामलों की सुनवाई के बाद रिहा किया गया।