एनसीपी प्रमुख शरद पवार शनिवार की शाम महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मिलने उनके आधिकारिक आवास वर्षा बंगलो पहुंचे थे। सूत्रों के मुताबिक, दोनों सत्ताधारी गठबंधन सहयोगियों के बीच बैठक करीब 30 मिनट तक चली। कोरोना की स्थिति के अलावा सत्ताधारी गठबंधन के समक्ष एक और अहम मुद्दा यह है कि उच्चतम न्यायालय द्वारा मराठा आरक्षण के क्रियान्वयन पर लगाई गई रोक पर कैसे प्रतिक्रिया दी जाए।
सूत्रों के मुताबिक शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस सरकार के पास तीन विकल्प हैं- एक अध्यादेश जारी करना, आदेश पारित करने वाली उच्चतम न्यायालय की पीठ के समक्ष पुनर्विचार याचिका दायर करना या अंतरिम रोक से छूट के लि, वृहद संविधान पीठ के समक्ष याचिका दायर करना।
संपर्क किए जाने पर पवार ने हालांकि यह नहीं बताया कि बैठक में क्या चर्चा हुई। लोकसभा में कृषि क्षेत्र से जुड़े विधेयक के पारित होने पर पवार ने कहा कि उनके दल ने बहिर्गमन किया क्योंकि कृषि राज्य का विषय है और केंद्र बिना राज्यों की सहमति के यह महत्वपूर्ण विधेयक लेकर आया।