जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के नासिक में एक हिंदू परिवार रहता है, जिनकी बेटी दिव्यांग है। उस लड़की की शादी उसके साथ ही पढ़ने वाले एक मुस्लिम युवक से कराई जा रही थी, जिसके लिए दोनों के परिजन भी रजामंद थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने शादी की तैयारियां शुरू कर दीं और कार्ड भी छपवा लिए। इस कार्ड में शादी की तारीख 18 जुलाई तय की गई थी। इसके बाद ही असल बवाल शुरू हुआ, क्योंकि यह कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। दरअसल, कार्ड देखकर कुछ हिंदूवादी संगठनों ने इसे लव जिहाद का मामला बता दिया। मजबूरन दोनों पक्षों को शादी का कार्यक्रम रद्द करना पड़ा गया।
बता दें कि युवक और युवती ने मई 2021 के दौरान कोर्ट मैरिज कर ली थी और उसे कानूनी रूप से दर्ज भी करा लिया था। हालांकि, अब दोनों परिवार हिंदू रीति रिवाज से शादी करना चाहते थे, लेकिन शादी के कार्ड की तस्वीर वायरल होने के बाद कई हिंदू संगठनों ने इसे लव जिहाद का मामला बताया। गौरतलब है कि परिवार अपनी बेटी की पसंद के साथ खड़ा है। उनका कहना है कि यह मामला जबरन धर्म परिवर्तन का मामला नहीं है। लड़की के पिता ने बताया कि उनकी बेटी दिव्यांग है। ऐसे में उसके लिए अच्छा जीवनसाथी नहीं मिल रहा था। मेरे समुदाय में भी यह बात पता थी। ऐसे में उनकी बेटी ने अपने ही एक दोस्त के साथ शादी की इच्छा जताई। वहीं, लड़के का परिवार भी शादी के लिए तैयार था।