अभी देश के छह राज्यों में ही विधान परिषद हैं। उत्तर प्रदेश विधान परिषद में सबसे अधिक 100 सीटें हैं। इसके अलावा बिहार, महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में भी विधान परिषद अस्तित्व में है।
देश के दो बड़े राज्यों कर्नाटक और महाराष्ट्र में आज विधान परिषद चुनाव के नतीजे घोषित किए जा रहे हैं। ताजा जानकारी के अनुसार कर्नाटक में भारतीय जनता पार्टी को कांग्रेस से टक्कर मिल रही है तो वहीं महाराष्ट्र में भाजपा को छह में से चार सीटों पर जीत मिल गई है।
विज्ञापन
कर्नाटक विधान परिषद में भाजपा को कांग्रेस से टक्कर
कर्नाटक विधान परिषद चुनाव के नतीजे घोषित किए जा रहे हैं ताजा जानकारी के अनुसार भाजपा 12 सीटों पर, कांग्रेस नौ पर और जेडीएस एक सीट पर आगे है।
महाराष्ट्र में छह में चार सीटों पर खिला कमल
महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महा विकास अघाड़ी (एमवीए) गठबंधन को झटका देते हुए, भाजपा ने नागपुर सहित राज्य विधान परिषद की छह सीटों में से चार पर जीत हासिल की और शिवसेना से अकोला-बुलढाणा-वाशिम सीट पर बाजी मार ली। वहीं भाजपा की जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए, महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भाजपा ने एमवीए के मिथक को तोड़ दिया है कि तीनों दल (शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस) एक साथ चुनाव लड़कर राज्य में हर चुनाव जीत सकते हैं।