सरनाईक ने अधिकारियों को बस स्टेशनों पर संचार प्रणालियों को मजबूत करने और सभी डिपो में यात्री सहायता के लिए संपर्क नंबर प्रमुखता से प्रदर्शित सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने परिवहन विभाग को आधिकारिक तौर पर नामित गांवों पर एक परिपत्र जारी करने और आधिकारिक संचार में व्याकरणिक रूप से सही मराठी भाषा के उपयोग को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
महाराष्ट्र के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने अधिकारियों को निजी बस संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। यह निर्देश मनमाने ढंग से किराए में वृद्धि करने और अनधिकृत यात्री बुकिंग एप्लिकेशन का इस्तेमाल करने की वजहों से हो रही है।
विज्ञापन
मंत्रालय में एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रताप सरनाईक ने संयुक्त परिवहन आयुक्त और 'सुराज्य अभियान' (एक गैर-सरकारी संगठन) के तीन प्रतिनिधियों को मिलाकर एक विशेष समिति के गठन का एलान किया। यह समिति निजी बस सेवाओं और अवैध बुकिंग एप्स से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए दीर्घकालिक उपाय सुझाएगी।
'यात्रियों का शोषण बर्दाश्त नहीं करेंगे' :परिवहन मंत्री
मंत्री सरनाईक ने कहा कि समिति किराए में वृद्धि को नियंत्रित करने, अनधिकृत एप्स पर अंकुश लगाने और यात्री शिकायतों के लिए तंत्र को मजबूत करने पर एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। राज्य सरकार निजी यात्री परिवहन संचालकों द्वारा, विशेष रूप से त्योहारों और छुट्टियों के मौसम के दौरान, अवैध किराया वृद्धि की शिकायतों को लेकर गंभीर है।
सरनाईक ने जोर देकर कहा, "उन बस संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए, जो यात्रियों का आर्थिक रूप से शोषण कर रहे हैं। यात्री शोषण किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।"
अवैध एप और ऊंचे किराए की शिकायतें
मंत्री के अनुसार, यह शिकायतें मिली हैं कि कई निजी यात्रा कंपनियां अनधिकृत मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से बुकिंग कर रही थीं। त्योहारों और छुट्टियों के दौरान बहुत ज्यादा किराया वसूल रही थीं।
एसएसआरटीसी की बसों और स्टेशनों पर न हो गंदगी
महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एसएसआरटीसी) की बसों और बस स्टेशनों पर गंदगी के बारे में शिकायतों का भी मंत्री ने जिक्र किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता मानकों में स्थायी रूप से सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने घोषणा की कि एक जून से सभी एमएसआरटीसी बस स्टेशनों पर शौचालय यात्रियों के लिए नि:शुल्क कर दिए जाएंगे।