फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Poll Updates: लातूर जिले में एमवीए और महायुति के बीच वर्चस्व की लड़ाई; ठाणे में दो बागी कांग्रेस नेता निलंबित

Sat, 09 Nov 2024 11:37 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला

सार

Maharashtra, Jharkhand Election 2024 Updates: महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनाव के साथ ही उपचुनाव पर इस समय सबकी निगाहें बनी हुईं है। विभिन्न पार्टियां व्यापक स्तर पर चुनाव प्रचार में लगी हुई हैं। आइये जानते हैं चुनाव से जुड़े अपडेट्स...
विज्ञापन
चुनाव अपडेट्स। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव दल बदलने वाले नेताओं और परिवार के सदस्यों की उम्मीदवारी के कारण भी चर्चा में है। लातूर जिले में एमवीए और महायुति के बीच वर्चस्व की लड़ाई है। सत्ताधारी महायुति की तरफ से लातूर ग्रामीण सीट पर भाजपा ने विधान परिषद सदस्य रमेश कराड को प्रत्याशी बनाया है। रमेश के सामने महाविकास अघाड़ी के धीरज देशमुख ताल ठोक रहे हैं। कांग्रेस की तरफ से विधायक भाई अमित देशमुख और धीरज देशमुख भी चुनावी मैदान में हैं। भाजपा की टिकट पर अर्चना पाटिल चाकुरकर चुनाव लड़ रही हैं। अर्चना कांग्रेस के दिग्गज शिवराज पाटिल चाकुरकर की बहू हैं। पूर्व मंत्री अमित देशमुख लातूर सिटी सीट से अर्चना पाटिल के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं।

विज्ञापन


कांग्रेस ने ठाणे में दो बागी उम्मीदवारों को निलंबित किया
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान 20 नवंबर को होना है। इससे पहले सभी पार्टियां आंतरिक कलह से परेशान हैं। ताजा घटनाक्रम में कांग्रेस पार्टी ने दो बागी उम्मीदवारों को निलंबित किया है। दोनों ठाणे जिले के कोपरी-पचपखाड़ी विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। ठाणे इकाई के प्रमुख विक्रांत चव्हाण ने बताया कि मनोज प्रधान और सुरेश पाटिल खेड़े को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए छह साल के लिए निलंबित कर दिया गया है। चव्हाण ने बताया कि प्रधान और खेड़े ने अपना नामांकन वापस लेने से इनकार कर दिया। जिस सीट पर दोनों बागी कांग्रेसी चुनाव लड़ रहे हैं, वहां से महा विकास आघाडी (एमवीए) ने केदार दिघे को टिकट दिया है। कोपरी-पचपखाड़ी से मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी चुनाव लड़ रहे हैं।

भारत धर्मशाला नहीं है जहां कोई भी आकर बस जाए: शिवराज
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि राज्य प्रायोजित घुसपैठ झारखंड के लिए एक गंभीर खतरा है। उन्होंने कहा कि भारत कोई धर्मशाला नहीं है, जहां कोई भी आए और बस जाए। यहां एक रैली के दौरान चौहान ने कहा, विदेशी घुसपैठिये झारखंड के लिए गंभीर खतरा हैं। यह देश हमारा है। जमीन, पानी, जंगल, नदियां, पहाड़ और खेत हमारे हैं। हम किसी और को इन्हें हमसे छीनने नहीं देंगे। चौहान राज्य में भाजपा के चुनाव प्रभारी भी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठिये राज्य में आ रहे हैं और आदिवासी बेटियों को भ्रम के जाल में फंसाकर उनसे शादी कर रहे हैं। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन पर घुसपैठ को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, झामुमो के नेतृत्व वाला गठबंधन इन घुसपैठियों को अपना वोट बैंक मानता है। वोटों के लालच में वे उन्हें संरक्षण दे रहे हैं, उनके नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा रहे हैं। उन्हें आधार कार्ड और राशन कार्ड जारी करवा रहे हैं। स्थिति यह है कि संथाल परगना में आदिवासियों की आबादी 44 प्रतिशत से घटकर 28 प्रतिशत रह गई है। चौहान ने कहा कि भाजपा के सत्ता में आते ही नागरिकता रजिस्टर बनाया जाएगा और विदेशी घुसपैठियों को बाहर निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि गौ तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

लड़की बहिन योजना का विरोध कर एमवीए ने अपने घोषणापत्र में किया शामिल: सीएम शिंदे 
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को शिवाजीनगर में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विपक्षी दल महा विकास अघाड़ी (एमवीए) ने पहले लड़की बहिन योजना का विरोध किया था, लेकिन जब यह योजना लोगों में लोकप्रिय हुई, तो उन्होंने इसे अपने घोषणापत्र में शामिल कर लिया। सीएम ने यह भी कहा कि अगर 2022 में एमवीए सरकार को नहीं गिराया जाता, तो राज्य 10-15 साल पीछे जा सकता था।

सीएम शिंदे ने कहा कि किसी योजना का विरोध करना और फिर उसकी नकल करना एमवीए के दोहरे मानदंडों को दर्शाता है, जिसमें शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी (एसपी) शामिल हैं। उन्होंने कहा, 'एमवीए ने युवाओं को बेरोजगारी वजीफे के रूप में 4000 रुपये देने का वादा किया है। लेकिन महायुति ने पहले ही वह योजना शुरू कर दी है और 10,000 रुपये तक दे रही है। महाराष्ट्र ने डबल इंजन सरकार का जादू देखा है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विभिन्न योजनाओं के लिए राज्य की मदद कर रहे हैं।' सीएम शिंदे ने एमवीए पर जाति के आधार पर विभाजन पैदा करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने राज्य में विकास कार्यों को रोक दिया है।

वायनाड में प्रियंका गांधी का चुनाव प्रचार करने पहुंचीं पहलवान विनेश

केरल की वायनाड लोकसभा सीट से कांग्रेस की टिकट पर प्रियंका गांधी उपचुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस प्रत्याशी के प्रचार में हरियाणा की विधायक विनेश फोगाट ने भी पूरी ताकत झोंक दी है। पहली बार विधायक बनीं ओलंपियन और पहलवान विनेश फोगाट ने चुनाव प्रचार के बारे में कहा, 'वायनाड में कांग्रेस का प्रचार अभियान बहुत अच्छा चल रहा है। हमें जनता से बहुत समर्थन मिल रहा है...मैं जनता से प्रियंका गांधी को ही वोट देने का आग्रह करती हूं...राहुल और प्रियंका गांधी के मन में वायनाड की जनता के लिए बहुत प्यार और सम्मान है। अगर प्रियंका गांधी जैसी नेत्री संसद जाएंगी तो यह वायनाड के साथ-साथ देश के लिए भी बहुत अच्छा रहेगा।

नगालैंड की राज्यसभा सांसद ने झारखंड में किया चुनाव प्रचार

झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 के लिए मतदान 13 और 20 नवंबर को होना है। चुनाव प्रचार में भाजपा पूरी ताकत झोंक रही है। नगालैंड से निर्वाचित भाजपा की राज्यसभा सांसद एस फागनोन कोन्याक खूंटी जिले में पार्टी का प्रचार करने पहुंचीं। उन्होंने कहा, 'झारखंड में भाजपा की स्थिति अच्छी दिख रही है। लोग अब विकास चाहते हैं। माहौल अच्छा है... मैं भी आदिवासी हूं। मैं बीते दो साल से अधिक समय से भाजपा सांसद हूं।' उन्होंने विपक्षी दलों से सवाल किया कि क्या उनका सांसद होना ये दिखाता है कि भाजपा आदिवासियों के खिलाफ है? उन्होंने बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील करते हुए कहा, 'झारखंड बदलेगा और अगर उसे आगे बढ़ना है तो उसे बदलना ही चाहिए।

वायनाड में चुनाव आयोग की सख्ती; महाराष्ट्र में पूर्व सांसद सुभाष वानखेड़े पार्टी से निष्कासित

कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी की तस्वीरों वाली खाद्य किटों को चुनाव आयोग के उड़न दस्ते और पुलिस ने कल वायनाड जिले के थिरुनेली से जब्त किया। मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामला बीएनएस धारा 173 और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है। दूसरी ओर शिवसेना यूबीटी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण हिंगोली के अपने पूर्व सांसद सुभाष वानखेड़े को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इस बीच पूर्व विधायक और शिवसेना (यूबीटी) से निष्कासित नेता रूपेश म्हात्रे कल रात मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की उपस्थिति में शिवसेना में शामिल हो गए।
विज्ञापन

सियासी सरगर्मी बढ़ी: मतदान जागरूकता अभियान चला रहा चुनाव आयोग

महाराष्ट्र और झारखंड में विधानसभा चुनावों के साथ ही देश भर में 14 राज्यों की 48 विधानसभा सीटों और दो राज्यों की दो लोकसभा सीटों पर भी उपचुनाव को लेकर इस दिनों देश की सियासी सरगर्मी बढ़ी हुई है। आइये जानते हैं कि उपचुनाव और विधानसभा चुनाव को लेकर देश में क्या चल रहा है। आज किस राज्य में कौन-कौन से नेता चुनाव प्रचार करेंगे...

चुनाव आयोग ने शुक्रवार को 'उत्सव निवदनुकिचा, अभिमान महाराष्ट्रचा' (चुनावों का त्योहार, महाराष्ट्र का गौरव) एक मतदान जागरूकता अभियान शुरू किया, जिसका उद्देश्य मतदान में वृद्धि करना है। इस दौरान अधिकारियों ने एक घोषणा की। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को स्याही लगी उंगली दिखाने पर मुंबई की चुनिंदा दुकानों, रेस्तरां और मल्टीप्लेक्स में 20 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। एक अधिकारी ने कहा कि मतदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह पहल व्यापारियों, मल्टीप्लेक्स मालिकों और रेस्तरां मालिकों के संघों के साथ चर्चा के बाद की जा रही है।

गेटवे ऑफ इंडिया पर आयोजित कार्यक्रम में चुनाव आयोग, मुंबई पुलिस और बृहन्मुंबई नगर निगम के अधिकारियों के अलावा अभिनेता वर्षा उसगांवकर, मोहन जोशी, रोहित शेट्टी और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे सहित कई मशहूर हस्तियां शामिल हुईं। इंडिया पोस्ट ने समारोह में एक विशेष रद्दीकरण भी जारी किया जो 20 नवंबर तक चालू रहेगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें