फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राज्यसभा में गूंजा महाराष्ट्र : भाजपा सदस्यों का हंगामा, कार्यवाही बाधित, अठावले ने उठाई राष्ट्रपति शासन की मांग

Mon, 22 Mar 2021 04:48 PM IST
सुरेंद्र जोशी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
Rajya Sabha, file photo - फोटो : ANI
विज्ञापन

राज्यसभा में सोमवार को सत्तापक्ष यानी भाजपा नीत राजग के सदस्यों ने महाराष्ट्र के ताजा घटनाक्रम को लेकर हंगामा किया। इसके कारण सदन की कार्यवाही स्थगित करना पड़ी। सत्तापक्ष के कई सदस्यों ने शून्यकाल के आखिरी चरण में इस मुद्दे को उठाने का प्रयास किया, लेकिन सभापति एम वेंकैया नायडू ने इसकी अनुमति नहीं दी।

विज्ञापन


इसी दौरान सदन में प्रश्नकाल शुरू हो गया और भाजपा सदस्यों ने एक बार फिर यह मुद्दा उठाने का प्रयास किया, लेकिन उपसभापति हरिवंश ने इसकी अनुमति नहीं दी और हंगामे के बीच ही प्रश्नकाल चलाने का प्रयास किया। हंगामे के दौरान ही अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कुछ पूरक प्रश्नों का उत्तर दिया।

नकवी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सिख, बौद्ध आदि समुदाय के 27 लाख बच्चे छात्रवृत्ति से वंचित रह गए क्योंकि राज्य सरकार केंद्र की छात्रवृत्ति योजना का लाभ उठाने के लिए तैयार नहीं है। लेकिन सदन में शोरगुल के कारण उनकी पूरी बात स्पष्ट रूप से सुनी नहीं जा सकी। उपसभापति ने हंगामा कर रहे सदस्यों से शांत रहने और प्रश्नकाल चलने देने की अपील की। 
विज्ञापन


हंगामे के बीच ही कांग्रेस सदस्य छाया वर्मा ने पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर से वन्यजीवों द्वारा फसलों के नुकसान को लेकर पूरक सवाल किया। इस पर जावड़ेकर ने कुछ कहा किंतु हंगामे के कारण उनकी बात सुनी नहीं जा सकी। 

बता दें, मुंबई के पूर्व पुलिस प्रमुख परमबीर सिंह ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पिछले हफ्ते पत्र लिखकर दावा किया था कि महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख ने पुलिस अधिकारियों को 100 करोड़ रूपये की मासिक वसूली करने को कहा है। इस पत्र के बाद राज्य में सियासी तूफान आ गया।

विज्ञापन

अठावले ने अमित शाह को लिखी चिट्ठी, बोले- राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू हो

इधर, चिट्ठी कांड के बाद महाराष्ट्र में आए सियासी भूचाल के बीच अब एनडीए के सहयोगी रामदास अठावले ने बड़ी मांग कर दी है। उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है और महाराष्ट्र की मौजूदा सियासी स्थिति को देखते हुए वहां राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है। आरपीआई के अध्यक्ष ने कहा कि महाराष्ट्र में कायदा-कानून पूरी तरह से डगमगा चुका है, इसलिए राष्ट्रपति शासन की मांग की है।

इससे पहले उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि ये सरकार महाराष्ट्र को जला रही है, उसकी अस्मिता को तोड़ रही है, महाराष्ट्र का मुंह काला कर रही है। वहां राष्ट्रपति शासन लागू करने के लिए मैं अमित भाई (अमित शाह) के दफ्तर में पत्र देने वाला हूं।
 
भाजपा ने जारी किया व्हिप, मंगलवार को महत्वपूर्ण चर्चा होगी
इस बीच, लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक राकेश सिंह पार्टी के सभी सांसदों का व्हिप जारी कर मंगलवार 23 मार्च को सदन में मौजूद रहने को कहा है। सदन में कुछ महत्वपूर्ण विधेयकों पर चर्चा व उन्हें पारित कराना है, इसलिए व्हिप जारी किया गया। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें