महाराष्ट्र में बीते सप्ताह 15 जनवरी को हुए हुए ग्राम पंचायत चुनाव के नतीजे सोमवार को आए, जिसमें 1.25 लाख उम्मीदवारों को जीत मिली है। इसी बीच जीत का जश्न मनाते हुए पुणे के एक गांव का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो में एक महिला अपने पति की जीत पर इतनी खुश दिख रही है कि उसने खुद पति को कंधों पर बिठा लिया। इतना ही नहीं, महिला ने पति को कंधे पर बिठाकर गांव भर में जूलूस निकाला।
महिला की खुशी देखकर गांव वाले भी उसके साथ हो लिए और पति को उठाए रखने के लिए बीच-बीच में उसे सहारा देते रहे। इस दौरान गांव वाले भी महिला के साथ पूरे गांव में घूमे। यह अनोखा वीडियो पुणे के खेड़ तहसील के पालू ग्राम से सामने आया है। यहां के रहने वाले संतोष शंकर गुरव को मंगलवार को सरपंच के चुनाव में जीत मिली। उन्होंने जीत का सारा श्रेय अपनी पत्नी को दिया।
संतोष शंकर गुरव ने अपने विरोधी को 500 से ज्यादा वोटों से हराया। इस जीत पर उनकी पत्नी रेणुका की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। जैसे ही रेणुका गुरव को पता चला कि उसका पति चुनाव में जीत गया है तो वह नाचने लगी। उसने पति को तिलक लगाया फिर पति को कंधे पर उठाकर गांव के चक्कर लगाने लगी। उनके पीछे उनके कार्यकर्ता गुलाल उड़ा रहे थे। पालू ग्राम पंचायत में जाखमाता देवी ग्राम विकास पैनल ने 7 में से 6 सीटें जीती हैं। ग्राम पंचायत रिजल्ट आने के बाद ये वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।