फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Maharashtra Updates: भाजपा के खिलाफ शिवसेना यूबीटी का मोर्चा तेज, जिला स्तर पर ले जाएगी 'राम रक्षा आंदोलन'

Wed, 08 Jul 2026 07:10 AM IST
अमन तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
विज्ञापन
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शिवसेना (यूबीटी) नेता अंबादास दानवे ने छत्रपति संभाजीनगर में 'रमाई आवास योजना' में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने विधान परिषद में बताया कि जालसाजों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नाम पर फर्जी दस्तावेज बनाकर आवास योजना के लिए आवेदन कर दिए। दानवे ने आरोप लगाया कि फड़नवीस और शिंदे के नाम पर फर्जी राशन कार्ड, टैक्स रसीदें और जाति प्रमाण पत्र बनाए गए। उन्होंने एक भाजपा कॉर्पोरेटर के बेटे का नाम भी लाभार्थियों की सूची में होने का आरोप लगाया, जबकि उनके परिवार के पास 33 बैंक खाते हैं। इस घोटाले में नगर निगम अधिकारियों और एक सलाहकार की मिलीभगत का आरोप है। सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट ने इस मामले को गंभीर बताया, लेकिन स्पष्ट किया कि योजना के तहत अभी तक एक भी रुपया नहीं दिया गया है। उन्होंने बताया कि साल 2025 में मिले 8,442 आवेदनों में से केवल 2,913 लोग ही भौतिक सत्यापन के लिए उपस्थित हुए। जांच के बाद केवल 221 लाभार्थियों को ही पात्र पाया गया है।
विज्ञापन

भाजपा के खिलाफ 'राम रक्षा आंदोलन' को जिला स्तर पर ले जाएगी शिवसेना (यूबीटी)
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को अपनी पार्टी के विधायकों और विधान पार्षदों को भाजपा के खिलाफ 'राम रक्षा आंदोलन' को जिला स्तर पर ले जाने का निर्देश दिया है। उन्होंने बांद्रा स्थित अपने आवास 'मातोश्री' पर पार्टी नेताओं के साथ बैठक की। उन्होंने इस आंदोलन को नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर और रत्नागिरी जैसे शहरों में भी आयोजित करने को कहा। उद्धव ठाकरे ने रविवार को अयोध्या के राम मंदिर में कथित चंदा चोरी के खिलाफ इस आंदोलन की शुरुआत की थी। सूत्रों के अनुसार, नागपुर में होने वाले प्रदर्शन में उद्धव ठाकरे या उनके बेटे आदित्य ठाकरे शामिल हो सकते हैं। बैठक में उन्होंने नेताओं से राज्य में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) पर भी पूरा ध्यान देने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने मानसून सत्र के दौरान महाराष्ट्र विधानमंडल के दोनों सदनों में पार्टी सदस्यों की तरफ से उठाए गए मुद्दों की समीक्षा भी की।
 

नशीले पदार्थ के मामले में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपये वसूलने का प्रयास, पांच हिरासत में
पुणे जिले में एक परिवार को नशीले पदार्थ (ड्रग्स) के मामले में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपये वसूलने की कोशिश का मामला सामने आया है। इस मामले में हाईवे स्टेट पुलिस (एचएसपी) के दो कांस्टेबलों और तीन ट्रैफिक वार्डनों को हिरासत में लिया गया है। यह घटना 5 और 6 जुलाई की दरमियानी रात की है, जब शिकायतकर्ता अपने परिवार के साथ लोनावला जा रहा था। रास्ते में खाकी वर्दी और एचएसपी जैकेट पहने छह लोगों ने उनकी गाड़ी रोकी। उन्होंने परिवार को ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी दी और 5 लाख रुपये मांगे। आरोपी उन्हें पैसे निकालने के लिए तालेगांव के पास एक एटीएम पर ले गए। इस बीच, पीड़ित के दोस्त ने स्मार्टवॉच से अपने किसी परिचित को संदेश भेज दिया। इसकी भनक लगते ही आरोपी वहां से अपनी एसयूवी में फरार हो गए। कामशेत पुलिस ने शिकायत मिलने पर पांच संदिग्धों को हिरासत में लिया है और छठे आरोपी की तलाश कर रही है।
 

हिस्ट्रीशीटर पति ने पत्नी पर चलाईं गोलियां, महिला की हालत गंभीर
महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले के लोहा शहर में एक हिस्ट्रीशीटर ने आपसी विवाद के दौरान अपनी पत्नी को अवैध देसी कट्टे से गोली मार दी। पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार आधी रात के करीब शिक्षक कॉलोनी इलाके में हुई। आरोपी विशाल जाधव का अपनी पत्नी अर्चना जाधव से तीखा विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने पत्नी पर तीन गोलियां चलाईं। एक गोली अर्चना की पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। पड़ोसियों ने उन्हें तुरंत नांदेड़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस अधीक्षक डॉ. नीलाभ रोहन ने बताया कि घायल महिला की हालत अब स्थिर है। घटना के बाद से आरोपी विशाल फरार है। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए तीन टीमें बनाई हैं। विशाल पहले भी मई 2025 में एक हाईवे पेट्रोल पंप डकैती के मामले में नामजद था और फिलहाल जमानत पर बाहर था। पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया है।

मराठवाड़ा में थमा नहीं मौतों का सिलसिला, 6 महीने में 465 किसानों ने की खुदकुशी
महाराष्ट्र का मध्यवर्ती क्षेत्र मराठवाड़ा एक बार फिर अन्नदाताओं की कब्रगाह बनता जा रहा है, जहां साल 2026 के शुरुआती छह महीनों (जनवरी से जून) के भीतर ही रिकॉर्ड 465 किसानों ने अपनी जान दे दी है। बुधवार को संभागीय आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरे संभाग में छत्रपति संभाजीनगर जिला 109 मामलों के साथ सबसे ज्यादा प्रभावित रहा है, जबकि पिछले साल 2025 में यहां कुल 1,131 किसानों की खुदकुशी दर्ज की गई थी। इस बार आठ जिलों की सूची में बीड 95, धाराशिव 65, नांदेड़ 61, जालना 40, हिंगोली 35, परभणी 34 और सबसे कम लातूर में 26 मौतें हुई हैं, लेकिन प्रशासनिक सुस्ती का आलम यह है कि कुल मामलों में से 222 फाइलें अब भी जांच के नाम पर अटकी हैं और अब तक केवल 108 पीड़ित परिवारों को ही सरकारी वित्तीय मुआवजा मिल पाया है।
विज्ञापन

महाराष्ट्र में नाले में पलटी स्कूल बस, 22 छात्र घायल

महाराष्ट्र के लातूर जिले में बुधवार सुबह एक निजी स्कूल बस सड़क किनारे बने छोटे नाले में पलट गई। हादसे में 22 छात्र घायल हो गए। इनमें से एक छात्र के सिर में गंभीर चोट आई है। खंड शिक्षा अधिकारी मंदोदरी वाकड़े ने चेतावनी दी कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक, 35 छात्रों को लेकर यह बस रचानावाड़ी के पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होल्कर विद्यालय जा रही। इस दौरान सुबह करीब 9:30 बजे चाकुर तहसील के संदोल-महांदोल रोड के पास चालक ने बस का नियंत्रण खो दिया और यह सड़क से उतरकर नाले में पलट गई। चाकूर पुलिस निरीक्षक बालाजी भांडे ने ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को बाहर निकालकर चाकुर के ग्रामीण अस्पताल पहुंचाया। इस बीच हादसास्थल और अस्पताल पहुंचे अभिभावकों ने बस चालक और स्कूल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि नियमित चालक बगैर स्कूल प्रशासन को बताए बस किसी दूसरे अनुभवहीन चालक को सौंप गया था। 

वहीं, चिकित्सा अधिकारी डॉ संग्राम नरवाटे के मुताबिक, अधिकांश छात्रों के हाथ, पैर और कोहनी में मामूली चोटें आई हैं और सभी की हालत स्थिर है। सिर की गंभीर चोट वाले छात्र को बेहतर इलाज के लिए लातूर शहर भेजा गया है। उधर, स्कूल के नवनियुक्त प्रधानाध्यापक सतीश बिराजदार ने कहा कि उन्होंने अभी कार्यभार नहीं संभाला है, जबकि पूर्व प्रधानाध्यापक भगवान खड़के ने कहा कि उन्हें पहले ही किसी अन्य मामले में निलंबित किया जा चुका है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें