प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) धन शोधन के एक मामले में लगातार अपनी जांच कर रही है और लोगों से भी पूछताछ कर रही है। महाराष्ट्र सरकार ने एक अतिरिक्त कलेक्टर रैंक के अधिकारी संजीव पलांडे को निलंबित कर दिया, जो राज्य के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख के निजी सचिव थे और उन्हें 26 जून, 2021 को ईडी ने भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया था। उनका निलंबन उनकी गिरफ्तारी की तारीख से प्रभावी होगा।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को धन शोधन के एक मामले में महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री और एनसीपी के नेता अनिल देशमुख के दो सहयोगियों के खिलाफ विशेष अदालत में करीब 6 हजार पन्नों का आरोपपत्र सौंपा था।
ईडी ने सौ करोड़ वसूली से जुड़े धनशोधन के मामले में देशमुख के पीएस और पीए को जून में गिरफ्तार किया था। फिलहाल दोनो जेल में हैं। इससे पहले सौ करोड़ वसूली के मामले में बांबे हाईकोर्ट के आदेश पर सीबीआई ने 21 अप्रैल को अनिल देशमुख के खिलाफ भ्रष्टाचार और पद के दुरुपयोग के आरोप में प्राथमिकी दर्ज किया था। उसके बाद इस मामले में ईडी की एंट्री हुई।
बता दें कि ईडी अनिल देशमुख को अब तक पांच बार तलब कर चुकी है लेकिन वह पेश नहीं हुए। आरोप है कि देशमुख ने गृहमंत्री पद का दुरुपयोग किया और बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिव वाजे के जरिए मुंबई में विभिन्न बार से 4.70 करोड़ रुपए की वसूली की।