मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह के लगाए आरोपों की जांच कर रही चांदीवाल कमीशन के सामने तीसरी बार अनुपस्थित रहने की वजह से परमबीर सिंह पर फिर से 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। हालांकि परमबीर सिंह की ओर से अभी तक पहले का जुर्माना भी नहीं भरा गया है। उन्हें यह राशि मुख्यमंत्री कोविड रिलीफ फंड में जमा करानी होगी।
महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के गृहमंत्री अनिल देशमुख पर लगाए गए आरोपों की जांच के लिए बीते मार्च में एक सदस्यीय कमीशन का गठन किया था। जून में भी सिंह को 5000 रुपये का जुर्माना भरने को कहा गया था।
मुंबई पुलिस कमिश्न के पद से बर्खास्त किए जाने के बाद ही सिंह ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर अनिल देशमुख पर उगाही का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि देशमुख पुलिस से बार और रेस्टोरेंट मालिकों से वसूली करवाते हैं। हालांकि देशमुख ने इन आरोपों से इनकार कर दिया था। फिलहाल प्रवर्तन निदेशालय उनके खिलाफ जांच कर रही है। आयोग में अगली सुनवाई 30 अगस्त को होगी।