महाराष्ट्र में राजधानी मुंबई के अलावा सांगली, अकोला, अमरावती, नागपुर, कोल्हापुर समेत कई जिलों में भारी बारिश से बाढ़ के हालात पैदा हो गए हैं। राज्य की कई नदियां भी उफान पर हैं। स्थानीय प्रशासन की टीमों के अलावा वायुसेना व एनडीआरएफ की टीमों को भी राहत व बचाव के लिए उतारा गया है। वहीं भारी बारिश के कारण कई रूटों पर ट्रेन सेवा बाधित हो गई है।
बाढ़ के मद्देनजर एनडीआरएफ ने चिखली गांव से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। वहीं रायगढ़ के जिला कलेक्टर ने कहा है कि कलाई गांव में भूस्खलन की खबर है। इसमें कितना नुकसान हुआ है फिलहाल इसी कोई खबर नहीं है।
सेना के जवान भी तैनात
मुख्यमंत्री कार्यालय ने जानकारी दी कि रत्नागिरी और रायगढ़ में राहत व बचाव कार्य के लिए भारतीय सेना और नौसेना के जवानों को भी तैनात किया गया है। वहीं, भारी बारिश के चलते पुणे के भीमाशंकर मंदिर के आसपास भी बाढ़ का नजारा है। ये मंदिर देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है।
कोंकण में तीन दिन के लिए अलर्ट
राज्य के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश के कहर के बाद महाराष्ट्र अलर्ट पर है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने 22 जुलाई को रत्नागिरी और रायगढ़ जिलों में बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। 24 घंटे से हो रही लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव हो गया है. मौसम विभाग ने कोंकण तट पर अगले तीन दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है।