महाराष्ट्र में अगस्त-सितंबर में भारी वर्षा और बाढ़ से हुई फसल के नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र की एक टीम मंगलवार को राज्य के दौरे पर पहुंची। अधिकारियों के मुताबिक, केंद्रीय समिति धुले, सोलापुर, नासिक और वाशिम जैसे जिलों का दौरा करेगी। बताया गया है कि इन जगहों पर फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग (एसडीआरएफ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय समिति मुंबई पहुंच चुकी है और अगले दो दिनों में सबसे अधिक प्रभावित जिलों में जमीनी निरीक्षण करेगी।
यह टीम गृह मंत्रालय के आंतरिक सुरक्षा विभाग के संयुक्त सचिव आरके पांडे के नेतृत्व में कार्य कर रही है। इसमें कृषि, वित्त, ग्रामीण विकास, सड़क परिवहन, जल संसाधन, ऊर्जा और अंतरिक्ष विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं, साथ ही इसरो और गृह मंत्रालय के प्रतिनिधि भी टीम का हिस्सा हैं।