महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई में कोरोना वायरस की जांचों की घटती संख्या को लेकर चिंता जताई है और इस संबंध में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को एक पत्र भी लिखा है। बता दें कि महाराष्ट्र देश में कोरोना वायरस संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है।
फडणवीस ने पत्र में मुंबई में कोविड-19 की जांच की घटती संख्या और इस बीमारी की वजह से मरने वालों की बढ़ती संख्या को लेकर चिंता जताई। उन्होंने लिखा कि मुंबई की विभिन्न लैब में 10 हजार सैंपल की जांच रोज करने की क्षमता है, लेकिन रोजाना 3500 से 4000 जांच ही हो पा रही हैं।
बता दें कि महाराष्ट्र में अभी तक कोरोना वायरस संक्रमण के 74,860 पॉजिटिव मामले आ चुके हैं। इनमें से 39,944 अभी सक्रिय हैं वहीं 32,329 लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं। राज्य में इस जानलेवा महामारी की वजह से अभी तक 2,587 लोगों की मौत हो चुकी है।