महाराष्ट्र में 29 नगर निगमों के मतदान से पहले सियासत गरमा गई है। मनसे प्रमुख राज ठाकरे ने राज्य चुनाव आयोग पर नियम बदलकर महायुति सरकार को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रचार खत्म होने के बाद घर-घर प्रचार की अनुमति पर सवाल उठाते हुए आयोग की निष्पक्षता पर संदेह जताया।
महाराष्ट्र में एक तरफ जहां कल यानी गुरुवार को 29 नगर निगमों पर होने वाले मतदान को लेकर सियासत में गर्माहट तेज है। वहीं दूसरी ओर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने बुधवार को राज्य चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने नगर निकाय चुनावों में वोटिंग से ठीक पहले नियम बदलकर सत्ताधारी महायुति सरकार को फायदा पहुंचाने का काम किया है।
राज ठाकरे ने कहा कि बीएमसी (बीएमसी) और महाराष्ट्र की 28 अन्य नगर निगमों के चुनाव 15 जनवरी को होने हैं, लेकिन चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद भी घर-घर जाकर प्रचार करने की इजाजत दे दी गई है। उनका कहना है कि यह फैसला सत्ताधारी दलों को जिताने के लिए लिया गया है।