कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र सरकार ने केंद्र से मांग की है कि उन्हें उचित दर पर दवाएं और वेंटिलेटर उपलब्ध कराएं जाएं। बुधवार को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बातचीत में यह मांग की है। उन्होंने पीएम मोदी से कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के पॉजिटिव लोगों के इलाज में कुछ सकारात्मक संभावनाएं जगी हैं। हालांकि, कोविड-19 का कोई तय उपचार नहीं है लेकिन केंद्र सरकार उन इलाज की विधियों को स्वीकृति दे जिनसे मरीजों पर सकारात्मक प्रभाव दिखाई दिया है।
दूसरी ओर ठाकरे ने पीएम से कहा कि केंद्रीय शिक्षा संस्थानों को प्रोफेशनल और नॉन प्रोफेशनल कोर्स की परीक्षाओं के संबंध में निर्णय लेना चाहिए। इसके अलावा पीएम गरीब कल्याण योजना को जुलाई से तीन महीने के लिए आगे बढ़ाना चाहिए और किसानों को त्वरित कर्ज की सुविधा मिलनी चाहिए।