बीजेपी विधायक के घर पहुंची पुलिस
- फोटो : ANI
महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे सरकार और बीजेपी के बीच तकरार कम होने का नाम नहीं ले रही है। अब बीजेपी विधायक राम कदम की ओर से दही हांडी मनाने के एलान के बाद पुलिस ने उनका घर पूरी तरह घेर लिया है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक पुलिस विधायक राम कदम से बात कर रही है।
कोरोना के चलते है मनाही
दरअसल, राज्य में कोविड प्रोटोकॉल लागू है। इसके चलते किसी को भी सार्वजनिक तौर पर धार्मिक आयोजन करने की अनुमति नहीं दी गई है। इस बीच बीजेपी विधायक राम कदम ने सार्वजनिक तौर से जन्माष्टमी के दिन दही हांडी कार्यक्रम के आयोजन का एलान कर दिया। इसके तुरंत बाद पुलिस उनके घर पर पहुंच गई है।
विधायक बोले- हम मनाकर रहेंगे दही हांडी
विधायक राम कदम का कहना है कि सरकार को दही हांडी मनाने की अनुमति देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कम से एक पूरी तरह कोरोना का टीका लगाए हुए पांच लोगों को तो इस आयोजन की अनुमति दी जाए। अगर सरकार पुलिस बल का प्रयोग करके आयोजन करने से रोकती है तो हम दही हांडी मनाकर रहेंगे।
बीजेपी नेता के खिलाफ केस दर्ज
मुंबई पुलिस ने बीजेपी नेता सुधीर मुनगंटीवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि कोरोना प्रोटोकॉल तोड़ने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। बीजेपी नेता अपने 30 कार्यकर्ताओं के साथ बाबुलनाथ मंदिर के द्वार फिर से खोलने की मांग कर रहे थे।
एमएनएस के चार कार्यकर्ताओं पर भी मुकदमा
मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र नवर्निमाण सेना के चार कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि कार्यकर्ताओं की ओर से दही हांडी का आयोजन किया जा रहा था, जिस पर उनके खिलाफ कोरोना नियमों के उल्लंघन के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।