हिंदू महासभा के पूर्व नेता और हिंदू समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कमलेश तिवारी हत्याकांड मामले में महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने नागपुर में छापा मारा। एटीएस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। अभी तक व्यक्ति के नाम का खुलासा नहीं किया गया है।
कमलेश तिवारी की हत्या का खुलासा करते हुए यूपी पुलिस ने हत्याकांड के मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया। ये तीन लोग हैं जिन्हें सूरत से गिरफ्तार किया गया। यूपी पुलिस ने गुजरात पुलिस के साथ मिलकर सूरत से मौलाना मोहसिन शेख, रशीद अहमद और फैजान को गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि इन तीनों तक उन्हें एक मिठाई के डिब्बे ने पहुंचाया। यह मिठाई का डिब्बा फैजान यूनुस ने खरीदा था। वह ऐसा करता एक सीसीटीवी फुटेज में भी देखा जा सकता है। फैजान की उम्र 21 साल है और वह सूरत में एक जूते की दुकान पर काम करता है।
वहीं रशीद अहमद नाम के शख्स ने ही इस पूरे हत्याकांड की शुरुआती योजना बनाई थी। उसे कम्प्यूटर का ज्ञान है लेकिन वह दर्जी का काम करता है। रशीद की उम्र 23 साल है। मौलाना मोहसिन शेख नाम के तीसरे गिरफ्तार आरोपी की उम्र 24 साल है। मोहसिन सूरत में एक साड़ी की दुकान पर काम करता है।
कमलेश तिवारी (50) की शुक्रवार को दो बदमाशों ने लखनऊ में बेरहमी से हत्या कर दी थी। दोनों बदमाश भगवा कपड़े पहने हुए थे और मिठाई के डिब्बे में पिस्टल व चाकू छिपाकर लाए थे। दोनों नाका स्थित खुर्शेदबाग की तंग गलियों में स्थित कमलेश के घर पहुंचे थे।
पहली मंजिल स्थित पार्टी दफ्तर में पहले उनकी गर्दन पर गोली मारी। फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार करने के बाद गला रेत दिया। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल व एक खोखा बरामद किया था।