महाराष्ट्र के नागपुर जिले में क्रिप्टोकरेंसी धोखाधड़ी के एक मामले में 2000 निवेशकों से 40 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में रविवार को सात और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब गिरफ्तार किए जा चुके लोगों की कुल संख्या 11 हो गई है।
पुलिस के अनुसार मामले में एक दिन पहले ही मुख्य आरोपी निशिद वासनिक, उसकी पत्नी और दो साथियों को पुणे के लोनावाला से गिरफ्तार किया गया था। एक अधिकारी ने बताया कि निशिद वासनिक लोगों को अपनी शानदार जीवन शैली दिखाकर एक कंपनी में निवेश करने के लिए झांसा दे रहा था।
अधिकारी के अनुसार, 'उन्होंने साल 2017 से 2021 के बीच धोखाधड़ी से अपने खातों में पैसे स्थानांतरित किए और निवेश के मूल्य में लगातार वृद्धि दिखाने के लिए कंपनी की वेबसाइट में हेरफेर की। उन्होंने मध्यप्रदेश के पंचमढ़ी में क्रिप्टोकरेंसी निवेश पर एक सेमिनार का आयोजन भी किया था।'
निशिद वासनिक पिछले साल मार्च में निवेशकों को मझधार में छोड़ कर भाग गया था। शनिवार को पुणे से उसे गिरफ्तार कर लिया गया था।
वहीं, रविवार को यशोधरा नगर पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सात लोगों समेत सभी 11 आरोपियों के खिलाफ आईपीसी (भारतीय दंड संहिता), महाराष्ट्र जमाकर्ताओं के हितों की सुरक्षा के अधिनियम और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।