महाराष्ट्र के जलगांव में गुरुवार को एक यात्री की जान बचाने के लिए एक किलोमीटर तक ट्रेन उलटी दौड़ा दी गई। दरअसल देवलाली-भुसावल पैसेंजर ट्रेन से एक यात्री नीचे गिर गया था, जिसके बाद उसे बचाने के लिए ट्रेन के चालक ने यह फैसला लिया।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक यह घटना गुरुवार सुबह करीब 9.30 बजे परधाड़े और माहेजी रेलवे स्टेशन के बीच की है। यह रेलवे स्टेशन जलगांव के करीब है, जो मुंबई से 425 किलोमीटर दूर है।
जानकारी के मुताबिक राहुल पाटिल नाम का यात्री माहेजी स्टेशन आने से पहले ट्रेन से गिर गया। उसके दोस्त ने तुरंत चेन खींचकर ट्रेन को रोक दिया। इसके बाद ट्रेन गार्ड आरबी पराधे और लोको पायलट एके पांडे ने ट्रेन को उलटा दौड़ाने का फैसला लिया। घायल यात्री को उठाने के लिए उन्होंने ट्रेन को करीब एक किलोमीटर तक उलटा चलाया।
पाटिल को जलगांव स्टेशन पर जीआरपी को सौंप दिया गया, जिसके बाद उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
गार्ड और लोको पायलट होंगे सम्मानित :
सेंट्रल रेलवे के भुसावल मंडल के डीआरएम विवेक गुप्ता ने इस कदम के लिए ट्रेनकर्मियों की तारीफ की। उन्होंने बताया कि ट्रेन को उलटा चलाना पूरी तरह से सुरक्षित है और इस फैसले से शायद एक यात्री की जान बच गई। रेलवे प्रवक्ता ने कहा कि इन ट्रेन कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा। हालांकि इस घटना की वजह से ट्रेन एक घंटा देरी से अपने गंतव्य तक पहुंची।