फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मद्रास हाईकोर्ट : तीन साल के बच्चे की न कोई जाति, न धर्म, प्रमाणपत्र देने का आदेश, पढ़ें कुछ प्रमुख खबरें

Wed, 17 Aug 2022 06:11 AM IST
योगेश साहू एजेंसी, नई दिल्ली/चेन्नई।
विज्ञापन
court demo - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन
चेन्नई के अंबात्तुर निवासी तीन साल के बच्चे युवन मनोज की न तो कोई जाति है, न धर्म। मद्रास हाईकोर्ट ने मंगलवार को स्थानीय प्रशासन को इस बाबत प्रमाणपत्र जारी करने का आदेश दिया है। मनोज के पिता जगदीशन ने कोर्ट को बताया कि स्कूल में दाखिले के लिए उन्हें जाति व धर्म संबंधी कॉलम भरने के लिए मजबूर किया जा रहा है। इन्कार करने पर दाखिला रोक दिया है। सुनवाई के बीच तहसीलदार ने कोर्ट में हलफनामा दिया कि उसे ‘न कोई जाति, न धर्म’ का प्रमाणपत्र देने में आपत्ति नहीं है। इस पर कोर्ट ने प्रमाणपत्र जारी करने का आदेश दे दिया।
विज्ञापन


एमएसपी समिति की बैठक 22 को, एसकेएम ने भाग लेने से किया इन्कार
संयुक्त किसान मोर्चा-एसकेएम ने न्यूनतम समर्थन मूल्य-एमएसपी पर सरकार द्वारा गठित कमेटी की 22 अगस्त को होने वाली बैठक को सिरे नकार दिया है। 40 किसान संगठनों का समूह एसकेएम के नेता हन्नन मुल्ला ने कहा  वह सरकार की राय से सहमत नहीं है। किसान संगठन किसान आंदोलन के आगे की कार्ययोजना को लेकर लगातार काम कर रहा है। 

उन्होंने कहा कि समिति को लेकर वह पहले ही असहमति जता चुके हैं।  ऐसे में आगामी बैठक में भाग लेने का सवाल ही नहीं उठता है। बैठक एनसीटी दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कृषि विज्ञान परिसर-एनएएससी में होगी। समिति के लिए एसकेएम को तीन नाम भी देने हैं। किंतु अभी तक यह भी तय नहीं है कि समिति नाम भेजेगी या नहीं।
विज्ञापन


भारत कोयले की जगह वेनेजुएला से खरीद रहा रियायती पेटकोक
भारतीय कंपनियां कोयले की जगह वेनेजुएला से रियायती दर पर पेट्रोलियम कोक का आयात कर रही हैं। हालांकि, वेनेजुएला से पेट्रोल, डीजल व क्रूड के व्यापार को लेकर अमेरिका ने कड़े प्रतिबंध लगा रखे हैं, लेकिन पेट्रोलियम से जुड़े बाईप्रोडक्ट (अनुषंगी उत्पाद) पर यह प्रतिबंध नहीं है। ह्यूस्टन स्थित पेटकोक के एक अमेरिकी निर्यातक ने कहा कि बाजार में वेनेजुएला के सस्ते पेटकोक से वैश्विक कीमतों पर असर पड़ा है। वेनेजुएला से भारत जैसे खरीदारों को 5-10 फीसदी छूट के साथ पेटकोट बेचा जा रहा है।

भारत ईंधन के मामले में मोटे तौर पर आयात पर निर्भर है। बिजली की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए भारत ने वेनेजुएला से सस्ता पेटकोक खरीदना शुरू किया है। हालांकि, कुछ अमेरिकी विश्लेषकों ने चिंता जताई है कि भारत जिस तादाद में खरीद कर रहा है, उससे जल्द ही वेनेजुएला में नकदी का प्रवाह बढ़ जाएगा। रूस-यूक्रेन के युद्ध के बाद वेनेजुएला के तेल उप-उत्पादों के निर्यात में खासी वृद्धि हुई है।

नया पाठ्यक्रम बनाने के लिए सर्वेक्षण में हिस्सा लें लोग : प्रधान
केंद्रीय शिक्षा और कौशल विकास मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नागरिकों से एक नया पाठ्यक्रम विकसित करने के लिए राष्ट्रीय पाठ्यक्रम की रूपरेखा के लिए सर्वेक्षण में भाग लेने का आग्रह किया। प्रधान ने कहा, एनईपी 2020 के अनुरूप एक सशक्त राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा, विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में एक प्रमुख भूमिका निभाएगी।

गायक राहुल जैन के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में केस दर्ज
पुलिस ने एक 30 वर्षीय महिला कॉस्ट्यूम डिजाइनर के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गायक राहुल जैन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एक अधिकारी ने बताया कि आरोप के मुताबिक गायक ने मुंबई के अपने फ्लैट पर महिला के साथ दुष्कर्म किया। गायक ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि आरोप फर्जी और आधारहीन हैं।

जांच में सहयोग नहीं कर रहे अणुब्रत मंडल : सीबीआई
पशु तस्करी मामले में गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस नेता अणुब्रत मंडल जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। सीबीआई सूत्रों ने बताया, सीएम ममता बनर्जी के समर्थन से मंडल का आत्मविश्वास काफी बढ़ गया है। वह किसी भी सवाल के जवाब सही तरीके से नहीं दे रहे हैं। अणुब्रत ने तो यहां तक कहा किे वह सहगल की संपत्ति को लेकर भी कुछ नहीं जानते।

देश के नागर विमानन क्षेत्र की सुरक्षा सर्वोपरि : सिंधिया
नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि देश के नागर विमानन क्षेत्र की सुरक्षा सर्वोपरि है। उन्होंने कहा, नागरिक उड्डयन एक ऐसा क्षेत्र है, जहां सौ फीसदी घटनाएं दर्ज की जाती हैं। सिंधिया ने कहा, डीजीसीए ने अपने सालाना निगरानी कार्यक्रम के तहत इस साल 3,709 जांच कराने का लक्ष्य रखा है।

क्रीमिया में रूसी सेना के बेस पर फिर बड़े धमाके
2014 में रूस में शामिल क्रीमिया में एक हफ्ते के भीतर दूसरी बार बड़े धमाके हुए हैं। मंगलवार को बेस पर हुए धमाके से लगी आग में दो लोग झुलस गए। रूस ने किसी भी बाहरी हमले की आशंका से इन्कार किया है, जबकि यूक्रेन ने इशारों में हमले की जिम्मेदारी ली है।

स्थानीय गवर्नर सर्गेइ अक्सियोनोव ने बताया कि गोला-बारुद के भंडार में आग लगने के  बाद आसपास के इलाकों से करीब 2,000 लोगों को सुरक्षित निकला गया। रूसी मीडिया के अनुसार, यहां रेल पटरियों को भी नुकसान पहुंचा है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि क्रीमिया के झानकोई प्रांत के मेयसकोये गांव में सेना की एक इकाई के गोला बारुद के अस्थायी भंडारण में आग लगी, जिसके बाद गोला-बारुद में धमाके हुए।

हमले के लिए सलमान रुश्दी खुद ही जिम्मेदार : ईरान
भारतीय मूल के ब्रिटिश लेखक सलमान रुश्दी पर हमले को लेकर ईरान के सर्वोच्च धार्मिक नेता के फतवे को लेकर उठ रहे सवालों के बीच ईरान ने अजीब दलील देते हुए कहा कि हमले के लिए रुश्दी खुद जिम्मेदार हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नासे कनानी ने हमले में ईरान का हाथ होने से इन्कार करते हुए कहा, इसके लिए वे खुद और उनके समर्थक जिम्मेदार हैं। हमले की निंदा करने वालों पर तंज करते हुए कनानी ने कहा, हमलावर की निंदा एक तरह इस्लामी विश्वास का अनादर है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें