भोपाल में सीएम ने ली अफसरों की बैठक
दिल्ली से भोपाल पहुंचने के बाद सीएम चौहान ने प्रदेश में बाढ़ आपदा नियंत्रण एवं राहत कार्य हेतु सीएम आवास कार्यालय में आपात बैठक ली। बैठक में सीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हवाई दौरे की स्थिति अधिकारियों के साथ साझा की। साथ ही इस बात के उपयुक्त उपाय करने के निर्देश दिए कि बारिश-बाढ़ के कारण कोई बीमारी न फैले। मुख्यमंत्री ने बाढ़ पीड़ितों के लिए भोजन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि भोजन के साथ पानी, नाश्ता, चाय इत्यादि बाढ़ पीड़ितों को तत्परता से उपलब्ध हो।
बैठक में सीएम ने बारिश और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति शीघ्र सुनिश्चित करने, टूटे हुए पुलों की जगह वैकल्पिक व्यवस्था करने और संचार व्यवस्था दुरुस्त करने और प्रशासन राहत कैंपों में समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराएं जाने के निर्देश दिए। सीएम ने निर्देश दिए कि जिन लोगों के घर टूट गए हैं, बह गए हैं, उनके लिए फिलहाल कैसे छत, आवास मुहैया हो, वैकल्पिक व्यवस्था हो। बारिश का मौसम है, इसे प्राथमिकता के साथ देखें। मुरैना-भिंड के क्षेत्रों में प्रशासन अलर्ट रहे।
पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह को दिया अपडेट
मुख्यमंत्री चौहान ने गुरुवार सुबह पीएम नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर चर्चा कर मध्यप्रदेश में बाढ़ की वर्तमान स्थिति, रेस्क्यू ऑपेरशन और राहत कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। सीएम ने प्राथमिक तौर पर बड़े स्तर पर हुए इंफ्रास्ट्रक्चर नुकसान, फसल नुकसान, बिजली आपूर्ति, टेलीकॉम नेटवर्क आपूर्ति व अन्य बुनियादी आवश्यकताओं के संबंध में प्रधानमंत्री मोदी को अवगत कराया एवं केंद्र सरकार द्वारा लगातार मिल रहे सहयोग के लिए आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। पीएम ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि इस कठिन परिस्थिति में केंद्र सरकार मध्यप्रदेश के बाढ़ पीड़ितों के साथ है और प्रदेश को केंद्र द्वारा हर संभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।
वहीं सीएम ने गृहमंत्री शाह को प्रदेश में बाढ़ से उत्पन्न विपरीत परिस्थितियों, राहत कार्यों, केंद्र के विभिन्न बचाव दलों से मिल रहे सहयोग एवं बुनियादी आवश्यकताओं के संबंध में विस्तार से बताया। गृहमंत्री ने मध्यप्रदेश को हर संभव मदद का भरोसा देते हुए केंद्र की एक एडवांस टीम, क्षति आकलन हेतु मध्यप्रदेश भेजने की बात कही।