भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भी 16 बागियों नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। इन बागियों में तीन पूर्व विधायक समेत कई बड़े चेहरे शामिल हैं।
इन 16 बागियों में से जोबट से तीन बार विधायक रहीं पूर्व मंत्री सुलोचना रावत और पिछला चुनाव हार चुके उनके बेटे विशाल रावत जैसे दिग्गजों के नाम भी शामिल है। सुवासरा से कांग्रेस ने हरदीप सिंह डांग को अपना प्रत्याशी बनाया है जिसके कारण कई कांग्रेस नेता नाराज बताए जा रहे थे। इसमें ओम सिंह भाटी और उनके भतीजे कर्मवीर सिंह शामिल है। कांग्रेस ने सख्त कदम उठाते हुए उनको पार्टी से निष्कासित कर दिया है। इसी तरह कांग्रेस ने झाबुआ से पूर्व विधायक और निर्दलीय उम्मीदवार जेवियर मेडा, उज्जैन की पार्षद माया त्रिवेदी, उज्जैन दक्षिण से ही जयसिंह दरबार को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
प्रदेश में नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 14 नवंबर थी। तमाम मान-मनौव्वल के बाद भी जिन नेताओं ने चुनाव लड़ने की जिद ठाने रखी उन्हें बाहर कर दिया गया है। इससे पहले भाजपा ने 53 बागियों को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया था।
मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को मतदान होना है। नतीजे 11 दिसंबर को आएंगे।