प्रतिभा ज्योति, अमर उजाला, नई दिल्ली।
Published by: प्रतिभा ज्योति
Updated Thu, 23 Dec 2021 06:25 PM IST
लुधियाना के कचहरी परिसर की दूसरी मंजिल के बाथरूम में गुरुवार दोपहर करीब सवा बारह बजे एक बम धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास का एरिया पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। फिलहाल इस धमाके में एक व्यक्ति के मरने की खबर है। पुलिस को बाथरूम के अंदर से एक शव मिला है। शव के चिथड़े उड़ चुके हैं। ऐसे में संभावना है कि यही व्यक्ति बम रखने आया था। घटना के तुरंत बाद पूरा पंजाब हाई अलर्ट पर हैं।
पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी लुधियाना पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। वहीं केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पंजाब पुलिस सरकार से इस मामले में रिपोर्ट तलब की है। घटना के बाद मौके पर जायजा लेने पहुंचे उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि हमारी फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है, इसलिए हम बाहरी ताकतों की संभावना सहित किसी भी चीज से इनकार नहीं कर सकते, क्योंकि वे कभी नहीं चाहते कि पंजाब स्थिर रहे।
पंजाब में हाल के दिनों में अस्थिरता का माहौल देखने को मिल रहा है। पंजाब पिछले कुछ समय से कई तरह की गतिविधियों का शिकार हो रहा है। सालभर ड्रोन से पंजाब में हथियार और ड्रग्स की खेप पहुंचाई जाती रही। पिछले सप्ताह बेदअबी और लिंचिंग की घटनाएं हुईं और अब कोर्ट में ब्लास्ट। पंजाब में बेअदबी के मामले हों या गुरुवार को लुधियाना में हुए ब्लास्ट का सवाल उठ रहे हैं कि पंजाब का माहौल कौन खराब कर रहा है? पंजाब में जल्दी ही विधानसभा चुनाव होने हैं ऐसे में पंजाब की अस्थिरता ने केंद्र से लेकर राज्य सरकार तक की चिंता बढ़ा दी है।
लुधियाना कोर्ट ब्लास्ट
- फोटो : Amar Ujala

श्री हरमंदिर साहिब में बेअदबी का प्रयास
- फोटो : self
इस बारे में पूछे जाने पर पंजाब के पूर्व डीजीपी शशिकांत ने अमर उजाला डिजिटल को बताया कि दुर्भाग्य से जब भी पंजाब में चुनाव होने वाले होते हैं कुछ न कुछ समस्या खड़ी होती है। 2014-15 में भी बेअदबी की घटनाएं बढ़ी थीं। अभी कुछ दिन पहले गुरुदासपुर में ड्रोन को मार गिराया गया और अभी हाल ही में हुई बेदअबी की घटनाएं और गुरुवार को हुई लुधियान ब्लास्ट से साफ है कि चुनाव आते ही राज्य में माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। लुधियान में जो ब्लास्ट हुआ है कहा जा रहा है कि वह आरडीएक्स ब्लास्ट हो सकता है। जिसके इस्तेमाल में स्लीपर सेल माहिर होते हैं।
उनके मुताबिक यह माना गया कि पंजाब में आंतकवाद पूरी तरह नेस्तनाबूद हो गया लेकिन कहीं न कहीं कुछ स्लीपर सेल अब भी छुप कर बैठे हैं और जो मौके की तलाश में है। चुनाव से अच्छा मौका क्या हो सकता है। यह कोशिश पूरी तरह से राजनीतिक माहौल खराब करने के लिए है। जिसे आसानी से राजनीतिक रंग दिया जा सकता है। वे मानते हैं कि यदि जल्दी माहौल को संभालने की कोशिश नहीं की गई तो यहां धार्मिक, सामाजिक, राजनीतिक और सुरक्षा का मुद्दा गंभीर बन सकता है।
isi agent फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला/सोशल मीडिया
क्या पंजाब विधानसभा चुनाव का फायदा उठाना चाहती है ISI
सूत्रों का कहना है अमृतसर और कपूरथला की घटना के बाद एजेंसियों से जो इनपुट मिले हैं, वे पाकिस्तान की ओर इशारा कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई पंजाब विधानसभा चुनाव का फायदा उठाने की कोशिश कर रही है। बताया जा रहा है कि एजेंसियों को ये इनपुट्स भी मिले हैं कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ने पंजाब में ड्रोन से टिफिन बम भी भेजे हैं। जिसकी एक भी खेप अभी तक बरामद नहीं हुई है। इससे पहले भी पाकिस्तान की ओर से भेजे गए टिफिन बम और टारगेट किलिंग के लिए हथगोले और भारी मात्रा में पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक मुताबिक खुफिया एजेंसियों को इंडियन मुजाहिदीन के स्लीपर सेल के नए मॉड्यूल बनाने की सूचना मिली है। जिसके बाद एजेसिंया हाई अलर्ट है। एजेंसियों को यह जानकारी मिली है कि पाकिस्तान समेत अलग-अलग देशों में छिपे इंडियन मुजाहिदीन के टॉप आतंकियों ने भारत में स्लीपर सेल का नया मॉड्यूल खड़ा कर दिया है। एजेंसियों को इनपुट मिले हैं कि चुनाव से पहले पाकिस्तान पंजाब में धार्मिक भावनाएं भड़काने की हरकत कर सकता है।
पंजाब के एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर ने सभी पुलिस कमिश्नरों और एसएसपी को धर्मस्थलों की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कहा है। बेअदबी के बाद के माहौल को देखते हुए जिलों के पुलिस प्रमुख खुद सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं। मतलब पंजाब में स्थिति तनावपूर्ण है। चंडीगढ़ से लेकर दिल्ली तक यह चिंता बढ़ती जा रही है।
कैप्टन अमरिंदर सिंह
- फोटो : ANI
अमरिंदर सिंह ने भी आईएसआई को बताया पंजाब की शांति के लिए खतरा
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिन्दर सिंह ने बुधवार को पंजाब में स्थायी शांति के लिए पाकिस्तान को खतरा बताते हुए कहा था कि विभिन्न आतंकवादी समूहों के स्लीपर सेल सक्रिय हैं और पंजाब में अशांति फैलाने के लिए आईएसआई की मदद कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने हथियारों और गोला-बारूद के विशाल जखीरे के बारे में बात करते हुए कहा कि पाकिस्तान सीमा के इस हिस्से में घुसपैठ करने में कामयाब रहा है। उन्होंने कहा, यह तो हथियारों का सिर्फ वह हिस्सा है जो हमारे सुरक्षा बलों के संज्ञान में आया है और कल्पना कीजिए कि जो उनके ध्यान में नहीं आया उसमें क्या-क्या आया होगा। उन्होंने सवाल उठाया किपंजाब सरकार सुरक्षा के मुद्दे पर लगातार इनकार क्यों कर रही है?
पुलिस वीआईपी सुरक्षा में
पंजाब मामलों के जानकारों का कहना है कि पंजाब में जब भी चुनाव होते हैं तो पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश करती है। पूर्व डीजीपी शशिकांत कहते हैं कि ऐसे समय में राज्य सरकार ने लोगों की सुरक्षा के बजाए पुलिस को वीआईपी सुरक्षा में लगाया गुआ है जबकि पंजाब में ज्यादा सतर्कता बरतने की जरुरत है और पुलिस को लोगों की सुरक्षा में लगाना चाहिए।
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री और पंजाब में भाजपा के चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत
- फोटो : amar ujala
पंजाब चुनाव को एक और रंग देने की कोशिश
पंजाब के एक वरिष्ठ पत्रकार के मुताबिक यह चुनाव से पहले पंजाब में उथलपुथल मचाने की कोशिश है। विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब का माहौल खराब करने की पूरी कोशिश की जा रही है। पंजाब में चुनाव कृषि कानूनों पर लंबे समय से चल रहे किसानों के आंदोलन और पहली बार दलित सीएम के बनने के बाद दलित चेतना चुनाव के केंद्र में है। ऐसे में पंजाब चुनाव को एक और रंग देने की पूरी कोशिश की जा रही है। अमरिंदर सिंह के सीएम पद से हटने के बाद राज्य में अलगाववाद, राष्ट्रवाद और सीमावर्ती राज्य होने की बात उठने लगी।
चुनाव में राष्ट्रवाद होगा प्रमुख चुनावी मुद्दा
क्या लुधियाना में हुए विस्फोट के पीछे राष्ट्रविरोधी तत्वों की साजिश हो सकती है? इस पर वरिष्ठ पत्रकार का कहना है, पंजाब में ऐसे तत्व मौजूद हैं। हो सकता है कि पंजाब चुनाव में कृषि कानून जैसे मुद्दे रह जाएं अलगाववाद और राष्ट्रवाद के मुद्दा चुनाव पर हावी हो जाए। इस चुनाव में अलगाववाद-राष्ट्रवाद का मुद्दा प्रमुख बन सकता है। उनका मानना है कि पंजाब को लेकर ऐसा प्रयास चुनाव से पहले ही शुरू हो गया था। पंजाब चुनाव को दूसरी पिच पर ले जाने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है जो मुद्दे सीधे जनता से नहीं जुड़े हैं, वे उठाए जा रहे हैं। धार्मिक ग्रंथों की बेअदबी की बात हो या गुरुवार को जो धमाका हुआ है, उसके तार कहीं न कहीं पंजाब के चुनाव से जुड़े हुए हैं। इसके जरिए पंजाब चुनाव को किसी और दिशा में ले जाने की कोशिश की जा रही है।