एडमिरल संजय वात्स्यायन
- फोटो : पीटीआई
एडमिरल संजय वात्स्यायन बने 47वें नौसेना उपप्रमुख
तोपखाना और मिसाइल प्रणाली विशेषज्ञ वाइस एडमिरल संजय वात्स्यायन ने शुक्रवार को 47वें नौसेना उपप्रमुख (वीसीएनएस) का पदभार संभाल लिया। वे वाइस एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन की जगह लेंगे। नौसेना ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में वाइस एडमिरल वात्स्यायन के वीसीएनएस का पदभार संभालने की पुष्टि की है।
इसमें नौसेना ने बताया है कि 1 जनवरी, 1988 को भारतीय नौसेना में कमीशंड हुए फ्लैग ऑफिसर वात्स्यायन तोपखाना और मिसाइल प्रणाली विशेषज्ञ हैं। यह पदभार संभालने से पहले उन्होंने एकीकृत रक्षा स्टाफ मुख्यालय (एचक्यू आईडीएस) और नौसेना मुख्यालय (एनएचक्यू) सहित कई अहम परिचालन, स्टाफ और प्रशिक्षण पदों पर सेवाएं दी हैं।
रणनीतिक नेतृत्व में हैं अनुभवी
नौसेना के मुताबिक, वाइस एडमिरल वात्स्यायन ने एकीकृत रक्षा स्टाफ (आईडीएस) मुख्यालय में नीति, योजना और बल विकास उप प्रमुख (डीसीआईडीएस) सहित डीसीआईडीएस संचालन, पूर्वी नौसेना मुख्यालय में चीफ ऑफ स्टाफ, राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के डिप्टी कमांडेंट, पूर्वी बेड़े के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग और नौसेना मुख्यालय में नौसेना स्टाफ नीति और योजनाओं के सहायक प्रमुख सहित कई अहम परिचालन, स्टाफ और प्रशिक्षण पदों पर काम किया है।