लोकसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों में टिकट को लेकर मंथन जारी है। भाजपा, कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर चुके हैं। इस बीच, बची सीटों पर टिकटों पर मंथन को लेकर आज शाम कांग्रेस पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति(सीईसी) की दूसरी बैठक दिल्ली एआईसीसी मुख्यालय में होगी।
मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में सीईसी की बैठक
इस बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे करेंगे। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के भी शामिल होने की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक, यह बैठक शाम 6 बजे बुलाई गई है। जिसमें राजस्थान, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, हरियाणा, तमिलनाडु, दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड की लोकसभा सीटों पर चर्चा होगी।
कांग्रेस की पहली सूची में थे सिर्फ 39 उम्मीदवारों के नाम
गौरतलब है कि आठ मार्च को कांग्रेस ने अपनी पहली सूची में 39 उम्मीदवारों के नामों का एलान किया था। जिसमें छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, मेघालय, नागालैंड, सिक्किम, तेलंगाना और त्रिपुरा की लोकसभा सीटों पर टिकट दिए गए थे। घोषित कुल 39 उम्मीदवारों से केरल से 16, कर्नाटक से सात, छत्तीसगढ़ से छह और तेलंगाना से चार, मेघालय और नागालैंड से दो, सिक्किम और लक्षद्वीप से एक-एक हैं।
कई वरिष्ठ नेताओं के चुनाव लड़ने पर संशय
पार्टी के कई वरिष्ठ नेता पार्टी के कामकाज का हवाला देकर लोकसभा चुनाव न लड़ने का मन बना रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, इनमें छत्तीसगढ़ के प्रभारी सचिन पायलट, राज्यसभा सांसद और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला शामिल है। वहीं राजस्थान से पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव गहलोत, सीपी जोशी और महेश जोशी जैसे नामों समेत सभी 25 सीटों पर चर्चा होनी है।