फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स

Lok Sabha elections: किसी भी गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी बसपा, यूपी में एनडीए को मायावती से नुकसान नहीं

जितेंद्र भारद्वाज
Updated Thu, 04 Jan 2024 06:04 PM IST

सार

नीतीश कुमार को एनडीए में शामिल करने के प्रयास हो रहे हैं। इसे लेकर बिहार भाजपा के एक बड़े नेता ने केंद्रीय नेतृत्व तक अपनी बात पहुंचाई थी। हालांकि इस मामले में भाजपा के एक केंद्रीय मंत्री की भूमिका भी बताई जा रही है...
विज्ञापन
विज्ञापन
Lok Sabha elections - फोटो : Amar Ujala/ Himanshu Bhatt


क्या जेडीयू के लिए एनडीए में प्रवेश की शर्तें बन रही आसान

गत दिनों यह चर्चा भी रही कि नीतीश कुमार को एनडीए में शामिल करने के प्रयास हो रहे हैं। इसे लेकर बिहार भाजपा के एक बड़े नेता ने केंद्रीय नेतृत्व तक अपनी बात पहुंचाई थी। हालांकि इस मामले में भाजपा के एक केंद्रीय मंत्री की भूमिका भी बताई जा रही है। यह भी कहा गया कि एनडीए में जेडीयू के प्रवेश के लिए जो शर्तें बाधा बनी हुई थीं, उनमें से कुछ को हटाया जा सकता है। लोकसभा चुनाव में बिहार के कई राजनीतिक दलों के नेता, भाजपा की तरफ आ सकते हैं। जेडीयू के कई सांसदों ने यह बात नीतीश कुमार तक पहुंचाने का प्रयास किया है। नीतीश कुमार को ऐसे तर्क दिए गए हैं, जिनमें जेडीयू के आरजेडी से गठबंधन करने को नुकसान दायक बताया गया है। इस संबंध में नीतीश कुमार और जेडीयू के सभी सांसदों के बीच दिल्ली में बैठक हुई है। ऐसे संकेत भी मिले हैं कि लोकसभा चुनाव से पहले कहीं जेडीयू में ही कोई बड़ी टूट न हो जाए। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के सूत्रों ने बताया, बिहार में नीतीश कुमार को एनडीए में लाने के लिए भाजपा कोई भी पहल नहीं कर रही है। भाजपा, आगे भी ऐसा प्रयास नहीं करेगी। अगर कोई खुद से और बिना शर्त पार्टी में शामिल होने की इच्छा जाहिर करता है तो उस पर विचार किया जाएगा।

यूपी में बसपा से भगवा टोली को नुकसान नहीं

भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के सूत्रों ने यूपी में बसपा की भूमिका को लेकर कहा, वहां पर हमें कोई नुकसान नहीं है। यूपी में मायावती, भले ही किसी भी समूह में शामिल न होकर अलग से चुनाव लड़ती है, तो उस स्थिति में भगवा टोली को कोई नुकसान नहीं होगा। यूपी में मायावती का अपने बलबूते लोकसभा चुनाव लड़ना, भाजपा के लिए फायदेमंद है। बसपा की मौजूदा राजनीतिक स्थिति ऐसी नहीं है कि इसके नेता लोकसभा चुनाव के लिए कोई बड़ा निर्णय लें। उनके लिए दिल्ली की सियासत से ज्यादा यूपी में खोई हुई जमीन वापस लेना है। ऐसे में लोकसभा चुनाव के दौरान बसपा, भाजपा के लिए किसी जोखिम का कारण नहीं बनेगी। दूसरी तरफ बसपा प्रमुख मायावती ने नववर्ष पर अपने संदेश में कहा था, देशवासी इस वर्ष लोकसभा चुनाव में सर्वजन हितैषी सरकार बनाने का प्रयास करें। उन्होंने सरकार को भी रोजगार की गारंटी सुनिश्चित कर सच्ची देशभक्ति का परिचय देने और राजधर्म का निर्वाह करने की नसीहत दी। लोगों की जेब में खर्च के लिए पैसे न हों तो देश के विकास का ढिंढोरा कैसा व लोगों के किस काम का है।

किसी भी गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी 'बसपा'

बेरोजगारों की भारी फौज के साथ 'विकसित भारत' कैसे संभव है। मायावती ने कहा, भाजपा की केंद्र व राज्य की सरकारें हों या कांग्रेस सहित विपक्ष के गठबंधन की राज्य सरकारें, दोनों ही जबरदस्त महंगाई, विकराल रूप धारण करती गरीबी, बेरोजगारी और पिछड़ेपन जैसी बुनियादी समस्याओं पर ध्यान केंद्रित नहीं कर रहीं हैं। सिर्फ लोगों का ध्यान बंटाने के लिए अलग-अलग प्रकार की 'गारंटी' वितरण में लगी हैं। बसपा प्रमुख ने कहा था, पहले कांग्रेस और अब भाजपा की लंबी चली जातिवादी, अहंकारी, गैर समावेशी सरकार के दुष्प्रभाव से गरीबों का विकास लगातार बाधित हो रहा है। उससे पहले बसपा सुप्रीमो मायावती ने लोकसभा चुनाव में किसी भी गठबंधन का हिस्सा नहीं बनने की बात कही थी। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि बसपा किसी भी खेमे में शामिल नहीं होगी।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next