कांग्रेस का दफ्तर हो या भाजपा। लोकसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है, 11 अप्रैल को पहले चरण का मतदान होगा और टिकट चाहिए। आपको टिकटार्थियों की भीड़ दिख जाएगी। मुजफ्फरनगर से संजीव बालियान को चुनाव लड़ने के लिए आशीर्वाद मिल चुका है। वह कार्यालय भी खोल चुके हैं, लेकिन उम्मीदवारों की सूची का उन्हें भी इंतजार है। डॉ. सत्यपाल सिंह को भी बागपत से चुनाव लड़ना है।
कहीं होली बाद न जारी हो पहली सूची
भाजपा के नेताओं का कहना है कि वह तैयार हैं। केन्द्रीय चुनाव समिति के पास से सूची आते ही वह नामों की घोषणा शुरू कर देंगे। जेपी नड्डा भी पार्टी मुख्यालय में ही डटे हैं। लेकिन सूत्र बताते हैं कि अभी होमवर्क हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह चाहते हैं कि पहले प्रत्याशियों का नाम फाइनल कर लिया जाए। इसके बाद पार्टी की सुविधानुसार घोषणा होगी।
ऐसे में होली बीतने के बाद 22 मार्च को भाजपा की पहली सूची जारी हो तो कोई ताज्जुब नहीं है। वैसे कहा जा रहा है कि एक दो को छोड़कर यूपी के लगभग सभी बड़े चेहरे अपनी सीट से चुनाव लड़ेंगे। स्मृति ईरानी अमेठी से राहुल गांधी को चुनौती देंगी। वह लगातार तैयारी कर रही है। इसी कड़ी में बुधवार को उन्होंने बसपा नेता चंद्रप्रकाश मिश्रा को भाजपा ज्वाइन करा दिया है।
कांग्रेस के दरवाजे पर भी लाइन
भाजपा मुख्यालय की तरह कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड में टिकट की उम्मीद लगाए प्रत्याशी चक्कर काट रहे हैं। कांग्रेस पार्टी के दरवाजे पर बड़ी चर्चा राज्यों में गठबंधन को लेकर है। दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ, बिहार में राजद, रालोसपा, लोकतांत्रिक जनता दल, हम, महाराष्ट्र में एनसीपी के साथ या फिर पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में फ्रेंडली फाइट। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पूर्वी यूपी के दौरे पर हैं। राहुल गांधी पूर्वोत्तर में हैं। बुधवार को वह मणिपुर में थे। पार्टी के अन्य महासचिव राजनीतिक रोडमैप को धार देने में जुटे हैं।