भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने आगामी लोकसभा चुनाव में अपनी पार्टी के नेतृत्व वाले राजग के मुकाबले के लिए विपक्षी एकता की बात को खारिज कर दिया। माधव ने कहा कि कुछ राज्यों में कई गठबंधन है। माधव ने पत्रकारों से बातचीत में पूछा, ‘‘विपक्षी एकता कहां हो रही है?
उन्होंने कहा, ‘‘हर जगह विपक्ष का एक से अधिक गठबंधन है।’’ बहुजन समाज पार्टी-समाजवादी पार्टी गठबंधन और कांग्रेस के अलग से चुनाव लड़ने का जिक्र करते हुए भाजपा नेता ने कहा, ‘‘यूपी (उत्तर प्रदेश) में देखिये, वहां दो है।’’
इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस के एक कार्यक्रम में शामिल होने आये माधव ने कहा, ‘‘पश्चिम बंगाल को देखें। वहां दो पार्टियां हैं।’’ उन्होंने कहा कि केवल तेलुगू देशम पार्टी के प्रमुख एवं आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने ‘‘अपनी राजनीति और राजनीतिक हितों’’ के लिए राजग को छोड़ दिया था। लेकिन अब हम (भाजपा) असम और अन्य जगहों पर नये सहयोगी बना रहे हैं।’’
इस बीच तमिलनाडु में प्रचार के लिए पहुंचे अमित शाह ने भी कहा कि कांग्रेस और द्रमुक का गठबंधन, भ्रष्टाचार के मामले में एक जैसा है। उन्होंने गुरुवार को आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी में बोलते हुए मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू पर भी कई आरोप लगाए थे।
(इनपुट- भाषा)