तेजस्वी यादव, राहुल गांधी
मधेपुरा
हाल ही में मधेपुरा के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से हुई मुलाकात के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि पप्पू यादव भी महागठबंधन का हिस्सा बनने वाले हैं। हालांकि कांग्रेस ने अभी पप्पू यादव के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन तेजस्वी, पप्पू को महागठबंधन में शामिल करने के खिलाफ हैं। उन्होंने कई मौकों पर पप्पू का विरोध जताया है। माना जा रहा है कि इसी वजह से कांग्रेस के लिए मधेपुरा सीट पर फैसला लेना मुश्किल हो रहा है।
दो मार्च को रांची में बनेगी बात!
बिहार कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा है कि उम्मीदवारों की घोषणा में थोड़ा समय लग सकता है, पर गठबंधन के बीच सीटों का बंटवारा मार्च के पहले सप्ताह में होने की उम्मीद है। उन्होंने कुछ सीटों पर फंसे पेच के संबंध में कहा कि सभी सीटों को लेकर बातचीत चल रही है।
वहीं, राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो दो मार्च को रांची में होने वाली कांग्रेस की रैली में सीट बंटवारे पर कुछ चर्चा हो सकती है। दो मार्च को झारखंड में कांग्रेस की पहली बड़ी रैली होगी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जनसभा को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि तेजस्वी उनसे मुलाकात कर सीट बंटवारे पर सहमति बनाने में कामयाब हो सकते हैं।