लोकसभा चुनाव 2024 का बिगुल बज चुका है। 19 अप्रैल से एक जून तक, सात चरणों में मतदान के बाद चार जून को नतीजों का एलान होगा। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के बाद कुछ सवालों के जवाब शायराना अंदाज में दिए। ईवीएम की शिकायत पर उन्होंने रोचक अंदाज में जवाब दिया।
लोकसभा चुनाव 2024 का एलान करने के लिए केंद्रीय मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने आज लगभग डेढ़ घंटे से भी अधिक लंबी प्रेस वार्ता की। कुछ दिलचस्प क्षणों में सीईसी राजीव कुमार शायराना अंदाज में भी दिखे। राजीव कुमार ने मीडिया के कुछ सवालों पर आलोचकों से सीखने की नसीहत भी दी। प्रेस वार्ता के दौरान एक मीडिया प्रतिनिधि ने विपक्षी दलों की आपत्तियों और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) की विश्वसनीयता पर सवाल किया। इस सवाल पर सीईसी ने मुस्कुराते हुए कहा, शुक्रवार रात को उन्हें इस बारे में खयाल आया। उसी समय उन्होंने दो पंक्तियां लिखीं।
विज्ञापन
ईवीएम पर सवाल करने वालों को करारा जवाब
राजीव कुमार के मुताबिक ईवीएम खुद अपनी तरफ से सफाई पेश कर रही है। उन्होंने राजनीतिक दलों का नाम लिए बिना कहा कि जब चुनाव के नतीजे आलोचना करने या सवाल खड़े करने वाले लोगों के हित में आते हैं तो इस पर कोई सवाल नहीं किया जाता। उन्होंने निर्वाचन आयोग की तरफ से प्रकाशित 40 केस स्टडी और सवाल-जवाब की किताब भी दिखाई। उन्होंने कहा कि तस्वीरों और आलेखों की मदद से आयोग कई बार पहले भी साफ कर चुका है कि ईवीएम पूरी तरह विश्वसनीय है। शायराना अंदाज में सीईसी राजीव कुमार ने कहा;
अधूरी हसरतों का इल्जाम हर बार हम पर लगाना ठीक नहीं.
वफा खुद से नहीं होती, खता ईवीएम की कहते हो
राजनीतिक रैलियों में भड़काऊ बयानों से बचने की सलाह
राजनीतिक विमर्श के रसातल में जाने का जिक्र करते हुए राजीव कुमार ने सियासत में सकारात्मक रहने की नसीहत भी दी। उन्होंने राजनीतिक रैलियों और सार्वजनिक रूप से दिए जाने वाले भड़काऊ बयानों से बचने की सलाह देते हुए कहा;
दुश्मनी जम कर करो लेकिन ये गुंजाइश रहे
विज्ञापन
जब कभी हम दोस्त हो जाएं तो शर्मिंदा न हों
प्रेम सौहार्द बनाए रखने की नसीहत
सियासी फायदे देखकर पलक झपकते ही दल बदल लेने वाले नेताओं और पार्टियों की विचारधारा पर कटाक्ष करते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि आज कल बेहद कम समय में दल बदलने की रिवायत दिख रही है। राजनीतिक रणक्षेत्र में लोग मर्यादा की सभी रेखाएं बेमानी होती दिख रही हैं। हालांकि, लोगों को इसका ध्यान रखना चाहिए कि दुश्मनी इतनी न बढ़ जाए कि बाद के दिनों में मिलने की कोई संभावना ही न बचे। प्रेम और सौहार्द की भावना को सहेजने की सलाह भी दी। सीईसी राजीव कुमार ने हिंदी में दोहे रचने वाले रहीम दास की पंक्तियों का जिक्र कर कहा;
रहिमन धागा प्रेम का, मत तोड़ो छिटकाय,
टूटे से फिर न मिले, मिले गांठ परिजाय
लोकसभा के साथ चार राज्यों में विधानसभा चुनाव भी होंगे, जम्मू-कश्मीर में चुनाव पर भी मिला जवाब
इस शायराना अंदाज से पहले सीईसी राजीव कुमार ने बताया कि देश की 543 लोकसभा सीटों पर सात चरणों में मतदान कराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि चार राज्यों में विधानसभा चुनाव भी कराए जाएंगे। जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराने की तैयारियों पर सीईसी राजीव कुमार ने कहा कि दिसंबर, 2023 में उनके पास सभी सूचनाएं पहुंची हैं। उन्होंने प्रदेश के तमाम संबंधित अधिकारियों से परामर्श के बाद तय किया कि फिलहाल चुनाव कराना संभव नहीं है। हालांकि, उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद जल्द से जल्द जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे।