आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच गठबंधन का औपचारिक एलान हो चुका है। दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारें को लेकर भी बातचीत हो गई है। गठबंधन के तहत गुजरात में 24 सीटों पर कांग्रेस तो वहीं तीन सीटों पर आप चुनाव लड़ेगी। आम आदमी पार्टी को दो सीटें भरूच और भावनगर दी गई हैं। भरूच सीट पर कांग्रेस अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी, क्योंकि इस सीट पर आम आदमी पार्टी अपना उम्मीदवार उतारने वाली है।
भरूच सीट से आप के चैतर वसावा लड़ेंगे चुनाव
आप ने भरूच सीट से चैतर वसावा को उतारने का फैसला किया है। पार्टी के फैसले पर चैतर वसावा ने खुशी जताई है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, "आज इंडिया गठबंधन में कांग्रेस और आप एकसाथ आ गई। इस बात की घोषणा हो गई कि गुजरात से भरूच सीट मुझे दी गई है। मैं इस घोषणा से खुश हूं। मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी देने के लिए मैं अरविंद केजरीवाल, भगवंत मान और अन्य लोगों का आभार व्यक्त करता हूं। हमारा मकसद भरूच निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा को बाहर निकालना है और उसके लिए हम कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ जल्द रणनीति बनाएंगे।"
कांग्रेस और आप के बीच सीट बंटवारे को लेकर आप नेता गोपाल इटालिया ने कहा कि देश को बचाने के लिए कांग्रेस और आप एकसाथ आई है। उन्होंने आगे कहा, "चंडीगढ़ मेयर पोल के चुनाव में जिन्होंने कैमरे के सामने वोटों की लूट की थी, उससे देश को बचाने के लिए कांग्रेस और आम आदमी पार्टी एकसाथ आई है। मैं कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करता हूं। पार्टी में खुशी का माहौल है। हम सब मिलकर इस तानाशाही को हराएंगे।"
भाजपा का गढ़ है भरूच
बता दें कि भरूच लोकसभा सीट से कांग्रेस के दिवंगत नेता अहमद पटेल तीन बार सांसद रहे हैं और ये सीट उनके प्रभाव वाली मानी जाती है। हालांकि भरूच सीट पर कांग्रेस लंबे समय से जीत नहीं पाई है और आखिरी बार साल 1984 में कांग्रेस को इस सीट पर जीत मिली थी। ऐसी चर्चाएं हैं कि आगामी लोकसभा चुनाव में भरूच सीट पर अहमद पटेल की बेटी मुमताज पटेल दावेदारी पेश कर रहीं थी। यही वजह है कि भरूच सीट गठबंधन के तहत आप के खाते में जाने पर मुमताज पटेल और फैसल पटेल ने नाराजगी जताई है। फिलहाल भरूच सीट भाजपा का गढ़ है और यहां से भाजपा के मनसुख वसावा छह बार जीत दर्ज कर चुके हैं।