लोकसभा चुनाव 2019 के पहले चरण में 11 अप्रैल को 20 राज्य की 91 सीटों और दूसरे चरण में 18 अप्रैल को 12 राज्य की 95 लोकसभा सीटों पर मतदान हो चुका है। अब 23 अप्रैल को तीसरे चरण का मतदान होना है। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, योगी आदित्यनाथ, अखिलेश, मायावती, मुलायम सिंह समेत कई राजनेताओं की रैलियां जारी है। आपको दिनभर की चुनावी हलचल की हर अहम जानकारी यहां मिलेगी।
- भोपाल से भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा को चुनाव आयोग ने नोटिस भेजकर 24 घंटे में जवाब मांगा है। साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने 26/11 हमले के शहीद हेमंत करकरे पर आपत्तिजन बयान दिया था ।हालांकि अपनी कटु टिप्पणी को लेकर मचे हंगामे के बाद शुक्रवार देर रात अपने शब्द वापस लेने की घोषणा की। साध्वी की सहायक उपमा सिंह ने उनका बयान जारी किया, जिसमें साध्वी ने कहा, मुझे लगता है कि मेरी टिप्पणी से देश के दुश्मनों को लाभ होगा, इसलिए मैं अपने बयान को वापस लेती हूं और इसके लिए माफी मांगती हूं। यह मेरा निजी दर्द था। यदि मेरे शब्दों से कोई आहत हुआ है, तो मुझे इसके लिए खेद है।
-कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मध्य प्रदेश के गुना से नामांकन दाखिल किया।
-अमेठी में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा दाखिल किए गए हलफनामे को लेकर नई परिस्थितियां सामने आई हैं। शनिवार को चार अलग-अलग उम्मीदवारों ने राहुल गांधी पर अपने हलफनामे में तथ्य छुपाए जाने व गलत जानकारी दिए जाने का आरोप लगाया। सभी ने राहुल गांधी का नामांकन खारिज किए जाने की मांग की जिस पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने राहुल गांधी के वकील से 22 अप्रैल को अपना खंडन दाखिल करने को कहा। शनिवार को अमेठी में नामांकन पत्रों की जांच होनी थी। इस दौरान बहुजन मुक्ति पार्टी के उम्मीदवार अफजाल वारिस समेत तीन निर्दलीय उम्मीदवारों सुरेश चंद्र ध्रुव लाल व सुरेश कुमार शुक्ला ने आरोप लगाते हुए राहुल गांधी का नामांकन पत्र खारिज करने की मांग की।
बिहार के सुपौल में राहुल गांधी की रैली।
राहुल गांधी: असली चौकीदारों को एक चौकीदार ने बदनाम किया। मोदी देश के नहीं, अनिल अंबानी के चौकीदार। बिहार के युवा पूरे देश में देश की रक्षा करते हैं, ईमानदारी से, धूप, आंधी, तूफान में, आधी रोटी खाकर, उस सबको एक चौकीदार ने बदनाम किया है।
उत्तर प्रदेश के रामपुर में महागठबंधन की रैली, मायावती आजम खान के लिए प्रचार करने पहुंचीं।
मायावती: भाजपा-संघ के लोग इनके (आजम खान) खिलाफ कितने भी घिनौने हथकंडे इस्तेमाल क्यों न कर ले, जीत हमारे गठबंधन के उम्मीदवार की ही जीत होगी। भीड़ का जोश बताता है कि आजम रिकॉर्ड वोटों से जीतेंगे। गलत नीतियों की वजह से राज्यों में हार रही है भाजपा। चौकीदारी का नाटक भी इन्हें जिता नहीं पाएगा। चुनाव में बहुत से चौकीदार घूम रहे हैं। इनके छोटे-बड़े चौकीदार मिलकर कितनी भी ताकत लगा लें, केंद्र में इनकी सरकार दोबारा नहीं आएगी।
अररिया में पीएम मोदी: बिहार से बंगाल तक जनसैलाब दिख रहा है। धूप में जो तप रहे हैं, विकास करके चुकाउंगा। कुछ लोगों को आजकल भारत माता के जयकारे पर भी पेट में चूहे दौड़ने लगते हैं। जो लोग भारत तेरे टुकड़े होंगे जैसे नारे का समर्थन करते हैं, वो भारत के विकास के लिए साधना कैसे कर पाएंगे। जो लोग ऐसे नारे लगाते हैं , आपके जवाब से उनके कान के पर्दे फट जाने चाहिए। किसी भी जाति-पंथ से पहले हम भारतीय हैं। एक तरफ वोटभक्ति की राजनीति है, दूसरी तरफ देशभक्ति है। मुंबई हमले के बाद सेना ने कार्रवाई की मंजूरी मांगी थी, लेकिन कांग्रेस सरकार ने मंजूरी नहीं दी। कांग्रेस को वोटभक्ति की राजनीति करनी थी। देशभक्ति की राजनीति क्या होती है ये आपने पहले उरी हमले के बाद और फिर पुलवामा हमले के बाद देखा।
-कर्नाटक के शिवमोगा में अमित शाह का रोड शो।
बिहार के अररिया में एनडीए की रैली, पीएम मोदी भी मौजूद
--नीतीश कुमार: किसान योजना के लिए मैं माननीय प्रधानमंत्रीजी को बधाई देता हूं। हम सड़कों को जोड़ रहे हैं, हमारा लक्ष्य है कि सुदूर इलाकों से पटना तक पहुंचने में पांच घंटे से ज्यादा वक्त न लगे। केंद्र सरकार ने कई सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी है। केंद्र ने 50 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट मंजूर किए हैं। लेकिन कुछ लोग समाज में दरार डालना चाहते हैं। हम 13 साल से साथ काम कर रहे हैं, लेकिन यहां एक परिवार ने 15 साल राज किया है। पहले बिहार की क्या हालत थी, आज विकास दर 11.3 फीसदी हो गई है। लोग पहले लालटेन में रहते थे, हमने हर घर बिजली पहुंचाने का प्रयास किया है।
-यूपी के मुरादाबाद में बोले सीएम योगी- मुझे ये कहते हुए अफसोस होता है, जो लोग बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर को गाली देते हैं, उनके बारे में जिस-जिस प्रकार की अपमानजनक टिप्पणी करते थे, आज मायावती जी उनके लिए समर्थन और वोट मांगने के लिए जा रही हैं।
- कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने कहा, हमें पूरा विश्वास है कि भाजपा चुनाव हारेगी। हमें गुजरात में भी अच्छे नतीजे मिलेंगे। हम दोहरे अंक तक पहुंचेंगे। 23 मई को नतीजे के आने के बाद भाजपा सत्ता में नहीं रहेगी।
-आज भोपाल से पर्चा दाखिल करेंगे कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह। झनेश्वर देवी मंदिर में की पूजा-अर्चना। स्वरुपानंद सरस्वती का आशीर्वाद लेने पहुंचे।
- ओडिशा: बीजद नेता और पतकुरा विधानसभा सीट से उम्मीदवार वेद प्रकाश अगरवाल की भुवनेश्वर के अस्पताल में मौत हुई।
-समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश के फूलपुर से पंधारी यादव को दिया टिकट।
-पश्चिम बंगाल में बोले पीएम मोदी-
-कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने अपने पिता एचडी देवगौड़ा को नरेंद्र मोदी से बेहतर प्रधानमंत्री बताया। कहा कि जब मेरे पिता साल 1995 में पीएम थे, तब उनके 10 महीने के कार्यकाल में एक भी आतंकवादी हमले नहीं हुए। भारत-पाकिस्तान सीमा पर कोई आतंकी गतिविधि नहीं हुई। जब मेरे पिता प्रधानमंत्री थे, तो पूरा देश शांति से जी रहा था।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश, बिहार और पश्चिम बंगाल में रैलियां करेंगे। सुबह 10 बजे वह पश्चिम बंगाल के बुनियादपुर में रैली करेंगे। इसके बाद बिहार के अररिया में दोपहर 12 बजे, उत्तर प्रदेश के एटा में शाम चार बजे और बरेली में शाम छह बजे रैली करेंगे।
-राजद नेता तेजस्वी यादव ने एक बार फिर पीएम मोदी पर हमला बोला है। उन्ळोंने ट्वीट कर कहा है कि बिहार पीएम मोदी से झूठ और जुमलों की उम्मीद कर रहा है।
-राहुल गांधी आज बिहार और छत्तीसगढ़ में रैलियां करेंगे। केरल के वायनाड में अपने भाई और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के समर्थन में महासचिव प्रियंका गांधी रोड शो करेंगी।