लोकसभा चुनाव 2019 के पहले चरण का मतदान होने के बाद अब छह चरण का मतदान और होना है। दूसरे चरण का चुनाव 18 अप्रैल को होगा और इसके लिए सभी दलों ने एक बार फिर अपनी ताकत झोंक दी है। भाजपा की ओर से पीएम मोदी जहां ताबड़तोड़ रैलियां कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस भी देश की जनता को प्रभावित करने के लिए अपना पूरा बल लगा रही है। यहां आपको दिनभर की चुनावी हलचल की हर अहम जानकारी मिलेगी।
-उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मैनपुरी के क्रिश्चियन मैदान में जनसभा को संबोधित किया। करीब बीस मिनट के संबोधन में उन्होंने विरोधी दलों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा और बसपा वाले 37 और 38 सीटों पर चुनाव लड़कर प्रधानमंत्री बनने का ख्वाब देख रहे हैं। सभी लोग जानते हैं कि केंद्र में सरकार बनाने के लिए 272 सीटें चाहिए। जब ये 37 और 38 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं तो सरकार कैसे बना पाएंगे, फिर इन्हें जिताने से क्या फायदा। उन्होंने कहा कि देश में बीजेपी का डंका बज रहा है।
-गुजरात के कलोल में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने निकाला रोड शो।
-राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि योगी आदित्यनाथ के 'मोदी की सेना' वाले बयान पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा चलना चाहिए।
-कुशीनगर में कांग्रेस नेता और उम्मीदवार आरपीएन सिंह ने होरलापुर गांव में 'पकौड़े' तले और 'जलेबी' तैयार की।
-मुरादाबाद में पीएम मोदी ने अखिलेश यादव पर बबुआ कहकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि बबुआ शौचालय का महत्व नहीं समझ पाएंगे। आपके पास तो विदेशी टाइल्स वाला टॉयलेट है।
पढ़ें पूरी खबर
-चेन्नई में भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने निकाला रोड शो
-दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस से संभावित गठबंधन को लेकर कहा कि देश खतरे में है। देश को मोदीजी और अमित शाहजी की जोड़ी से बचाने के लिए हम सब कुछ करने को तैयार हैं। हमारी कोशिश अंत तक जारी रहेगी।
पढ़ें पूरी खबर
-अलीगढ़ में बोले पीएम मोदी: ये बाबा साहब आंबेडकर के संविधान की ताकत है कि आज वंचित-शोषित समाज से निकल कर देश के राष्ट्रपति पद पर एक सज्जन बैठे हैं। गांव किसान के सामान्य परिवार से उप-राष्ट्रपति पद पर कोई बैठा है। बाबा साहब की कृपा है कि एक चायवाला पीएम बना है।
पढ़ें पूरी खबर
-कठुआ में महबूबा मुफ्ती पर पीएम मोदी के जुबानी हमले के बाद पीडीपी अध्यक्ष ने ट्विटर पर लिखा, ''क्यों प्रधानमंत्री चुनाव से पहले राजनीतिक परिवारों पर हमले करते हैं और चुनाव के बाद गठबंधन करने के लिए दूत भेजते हैं? 99 में नेशनल कान्फ्रेंस और 2015 में पीडीपी। उन्होंने तब अनुच्छेद 370 पर सत्ता को क्यों चुना? भाजपा मुस्लिमों और अल्पसंख्यकों को बाहर करने के अपने ''विनाशकारी एजेंडे से भारत को बांटना चाहती है।"
-आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग, भाजपा के तहत काम कर रहा है। वो सही नहीं हैं। उन्हें निष्पक्ष तरीके से पेश आना चाहिए जो वो नहीं कर रहे। हमें इस बात का भी शक है कि ईवीएम से छेड़छाड़ हो रही है। इसलिए हम 50 फीसदी वीवीपैट के मिलान की बात कर रहे हैं।
-बिजनौर में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, "सपा-बसपा ने नरेंद्र मोदीजी को रोकने के लिए गठबंधन किया है। ये कभी सोचा नहीं जा सकता था कि ये दोनों पार्टियां साथ आएंगी। उन्हें पता है कि मोदी की आंधी में हम(सपा-बसपा) अकेले तिनके की तरह बह जाएंगे।"
-उत्तर प्रदेश के कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने प्रियंका गांधी वाड्रा के चुनाव लड़ने पर कहा कि लोग प्रियंका जी को लेकर बेहद उत्साहित हैं। जिस दिन वो चुनावी राजनीति में उतरने का फैसला करेंगी, लोग उनका स्वागत करेंगे। वो जिस सीट से लडेंगी, जीत जाएंगी।
रॉबर्ट वाड्रा के सवाल पर उन्होंने कहा कि वो परिवार का हिस्सा हैं, उन्हें पार्टी में सम्मिलित करने को लेकर कौन मना करेगा?
-कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने बंगलूरू में कहा: मैं आयकर छापों से नहीं डरता। जब देवगौड़ा किसी के घर खाने पर भी गए तो उसके यहां छापा पड़ गया। ये कैसी सरकार है? मुझे पीएम से सीखने की जरूरत नहीं।
-अभिषेक मनु सिंघवी ने ईवीएम पर सवाल खड़े करते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आयोग इस पर ठीक से ध्यान नहीं दे रहा। उन्होंने कहा, "पहले चरण के बाद ही इस पर सवाल उठे लेकिन आयोग ने पूरा ध्यान नहीं दिया। अगर आप एक्स पार्टी का बटन दबाते हैं तो वो वाई पार्टी को जा रहा है। वीवीपैट पर डिस्प्ले भी 7 सेकेंड की जगह 3 सेकेंड के लिए दिखाई दिया। हम सुप्रीम कोर्ट से मांग करेंगे कि 50 फीसदी वीवीपैट का मिलान हो।"
पढ़ें पूरी खबर
-असम के सिल्चर में कांग्रेस उम्मीदवार सुष्मिता देव के लिए प्रचार करने पहुंचीं प्रियंका गांधी वाड्रा
-चौधरी बीरेंद्र सिंह ने अपने बेटे बृजेंद्र को हिसार से टिकट मिलने के बाद मंत्रिमंडल और राज्यसभा से इस्तीफे की पेशकश की है।
-भाजपा की 20वीं लिस्ट जारी। 20वीं सूची में 6 लोकसभा उम्मीदवारों और बंगाल की विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए एक उम्मीदवार का एलान किया गया है। चौधरी बीरेंद्र सिंह के बेटे, बृजेंद्र को हिसार से टिकट दिया गया है।
हिसार- बृजेंद्र सिंह
रोहतक- अरविंद शर्मा
खजुराहो- बिष्णु दत्त शर्मा
रतलाम- जी एस दामोर
धार- छतर सिंह दरबार
दौसा- जसकौर मीणा
उलबेरिया विधानसभा- प्रत्युष कुमार मंडल
-महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुजरात में प्रचार के दौरान कहा, "राहुल गांधी कहते हैं-गरीबी हटाओ। उनके पिता और मां भी यही कहते थे। टीवी सीरियल की शुरुआत में आता है-इस कहानी के सभी पात्र काल्पनिक हैं। कुछ दिनों में राहुल गांधी के भाषण से पहले टीवी चैनल कहेंगे कि ये भाषण काल्पनिक है।"
-हेमा मालिनी के प्रचार के लिए उनके पति धर्मेंद्र मथुरा पहुंचे। इस सीट पर हेमा दूसरी बार चुनाव लड़ रही हैं। 2014 में उन्होंने यहां से रालोद के जयंत चौधरी को हराया था।
-रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमन ने बंगलूरू के एक समारोह में कहा: जम्मू-कश्मीर के लोग जानते हैं कि उन्हें कई फायदों से दूर रखा जा रहा है। पता नहीं कैसे लेकिन तीन-चार परिवार ही हैं जो फल-फूल रहे हैं। हर केंद्र सरकार फंड देती है लेकिन फंड पहुंचते नहीं हैं। क्या ये अपने आप में वजह नहीं है कि अनुच्छेद 370 और 35ए की समीक्षा की जाए।
-जम्मू के कठुआ में बोले पीएम मोदी: आपने लोकतंत्र की ताकत को सिद्घ किया। पहले चरण में भारी मतदान करके आपने महामिलावटियों को कड़ा झटका दिया है। कांग्रेस ने जलियांवाला बाग के शहीदों का अपमान किया है।
पीएम ने पाकिस्तान पर हमला बोलते हुए कहा कि नया हिंदुस्तान आतंकियों को घर में घुसकर मारेगा। न्यूक्लियर बम की धमकी की हवा निकल गई।
पढ़ें पूरी खबर
-टीडीपी नेता के रविंद्र कुमार ने ईवीएम छेड़छाड़ को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ईवीएम छेड़छाड़ की आशंका के चलते हरि प्रसाद वेमुरू ने कई बार इस बात का प्रदर्शन किया कि ईवीएम के साछ छेड़छाड़ का खतरा है। हमने चुनाव आयोग के सामने प्रतिनिधित्व भी किया। लेकिन यह कहा गया कि चुनाव आयोग उनके साथ चर्चा के लिए तैयार नहीं है क्योंकि उनके खिलाफ आपराधिक मामला है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
-कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी और डिप्टी सीएम जी परमेश्वर ने अन्य नेताओं के साथ मिलकर संविधान निर्माता डॉक्टर बीआर आंबेडकर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
-समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, भाजपा कहती है कि जब तक उनकी पार्टी है, हमारी सीमा सुरक्षित है। हम समाजवादी पार्टी के लोगों का विश्वास है कि जब तक सीमा पर हमारे बहादुर सैनिक हैं तब तक सीमा सुरक्षित है। सरकारें आती हैं और जाती हैं। लेकिन जवान हमेशा से भारत की रक्षा के लिए सीमा पर तैनात रहते हैं।
-बहुजन समाज पार्टी की चौथी लिस्ट जारी हुई है। पार्टी ने 16 प्रत्याशियों की सूची जारी की है। सुल्तानपुर से चंद्रभद्र सिंह और देवरिया से बिनोद कुमार जायसवाल को टिकट दिया गया है। जौनपुर से श्याम सिंह यादव को टिकट मिला है।
पूरी खबर पढ़ें- बसपा की 16 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी
-ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बिहार में पीएम मोदी और नीतीश कुमार की दोस्ती को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा, ''पीएम मोदी और नीतीश कुमार के बीच प्यार लैला-मजनू से भी ज्यादा मजबूत है।''
पूरी खबर पढ़ें- '' 'लैला-मजनू' से ज्यादा मजबूत है पीएम मोदी और नीतीश कुमार का प्यार''
-हेलीकॉप्टर उतरने की अनुमति न मिलने के बाद सिलिगुड़ी में आज होने वाली राहुल गांधी की रैली रद्द कर दी गई है।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में डॉक्टर बीआर आंबेडकर को उनके जयंती पर अपनी श्रद्धांजलि दी।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जम्मू-कश्मीर के कठुआ, उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ और मुरादाबाद में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।