रविवार को छठे चरण में सात राज्यों के लिए 59 सीटों पर मतदान हुआ। लेकिन आखिरी चरण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की ताबड़तोड़ रैलियां भी चल रही हैं। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस, महागठबंधन, सपा-बसपा गठबंधन समेत हर छोटे बड़े दल जनसभाओं और जनसंपर्क कार्यक्रम में लगे हैं। आपको दिनभर की चुनावी हलचल की हर अहम जानकारी यहां मिलेगी।
-भदोही: कांग्रेस जिला अध्यक्ष नीलम मिश्रा ने पार्टी छोड़ी। कहा- कांग्रेस ने भाजपा से आए बाहरी रमाकांत यादव को टिकट दिया। हमारे लिए ये बड़ा झटका था। हमने प्रियंका से बात करने की कोशिश की लेकिन वह नाराज हो गईं और अपमानजनक बात कहने लगीं।
-मैं मध्यप्रदेश और इंदौर का बहुत शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान को सफल बनाया और इसे आम लोगों तक पहुंचाया।
-नरकटियागंज: बिहार के पश्चिमी चंपारण से भाजपा उम्मीदवार संजय जायसवाल पर हमले की कोशिश, उन्हें कोई चोट नहीं आई।
-खंडवा में पीएम मोदी, ये कितने भी हवन करा दें, कितने भी जनेऊ दिखा दें, ये पुलिस को भी भगवा ड्रेस सिला दें, लेकिन भगवा में जो आतंकवाद के दाग लगाने की उन्होंने साजिश की है, उस पाप से ये कांग्रेस या महामिलावटी कभी नहीं बच पाएंगे। मध्यप्रदेश में ढाई मुख्यमंत्री हैं। प्रशासन को पता ही नहीं कि किसके आदेश माने जाएं। गुंड़ों, हत्यारों और लुटेरों को लाइसेंस दे दिया गया है।
-पश्चिम बंगाल: भारतीय जनता युवा मोर्चा की हावड़ा जिला प्रकोष्ठ संयोजक प्रियंका शर्मा को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की फोटोशॉप तस्वीर पोस्ट करने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उनकी मां का आरोप है कि चूंकि वो विपक्षी दल की कार्यकर्ता हैं, इसलिए उन पर ये कार्रवाई की गई।
-कुशीनगर के बाद पीएम यूपी के देवरिया पहुंचे। यहां जनसभा को संबोधन की शुरूआत भोजपुरी में करते हुए मोदी ने कहा, "पूर्वांचल ने महामिलावट को नकारने की इसलिए भी ठान ली है क्योंकि केंद्र में कड़े और बड़े फैसले लेने वाली मजबूत सरकार उसने देखी है। समाजवादी टोंटी तक नहीं छोड़ते।"
कांग्रेस पर हमला करते हुए मोदी ने कहा कि जवानों का सिर काटने वाले वोट काटने पर उतरे हैं।
-कुशीनगर की चुनावी रैली में प्रधानमंत्री ने कहा, "आज सुबह पता चला कि कश्मीर में कुछ आतंकवादियों को हमारी सेना ने मार गिराया। अब कुछ लोगों की ये परेशानी है कि आज जब मतदान चल रहा है तब मोदी ने आतंकवादियों को क्यों मारा? वो बम-बंदूक लेकर सामने खड़ा है। क्या वहां मेरा जवान चुनाव आयोग की अनुमति लेने जाए कि मैं इसको गोली मारूं या न मारूं? अच्छा कश्मीर में जब से हम आए हैं, हर दूसरे-तीसरे दिन सफाई होती रहती है। ये सफाई अभियान मेरा काम है भाई।"
-भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर, चंबा और सिरमौर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। साथ ही शाह, पंजाब के अमृतसर में भी रैली करेंगे।
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के कुशीनगर और देवरिया में रैलियां करेंगे। इसके अलावा मध्यप्रदेश के खंडवा और इंदौर में भी मोदी, जनसभाओं को संबोधित करेंगे।