कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने रविवार को आम चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए महिलाओं की सराहना की है। उन्होंने कहा कि माताओं और बहनों की आवाज को सुना जाना चाहिए। उनका यह बयान ऐसे समय पर आया है जब देश में सातवें और आखिरी चरण के लिए 59 सीटों पर मतदान हो रहे हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित 918 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी।
प्रधानमंत्री दूसरी बार उत्तर प्रदेश की वाराणसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। राहुल ने कहा, 'आज सातवें और आखिरी चरण के लिए मतदान हो रहे हैं। हमारी माताओं और बहनों ने चुनाव में अहम योगदान दिया है। न केवल उम्मीदवारों के तौर पर बल्कि प्रतिबद्ध मतदाताओं के तौर पर भी, इनकी आवाज सुनी जानी चाहिए। मैं उन्हें सलाम करता हूं।'
इससे पहले कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, 'देश को उदार और प्रगतिशील बनाने के लिए आम चुनाव के अंतिम चरण में मतदान करें। एक वोट युवाओं के भविष्य को सशक्त बनाएगा। एक वोट किसानों को कर्जमाफी की ओर ले जाएगा। एक वोट छोटे व्यापारियों को मुनाफे की तरफ ले जाएगा। एक वोट वंचितों को न्याय दिलाएगा।'
बता दें कि 19 मई को सातवें और आखिरी चरण में आठ राज्यों की 59 लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है। उत्तर प्रदेश और पंजाब की 13-13 लोकसभा सीटों, बंगाल की नौ, बिहार और मध्यप्रदेश की आठ-आठ सीटों समेत 59 लोकसभा सीटों पर 400 से ज्यादा प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर है।
अंतिम चरण में यूपी के वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गाजीपुर से रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा, यूपी भाजपा अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडेय, केंद्रीय मंत्रियों में अनुप्रिया पटेल, पटना साहिब से रविशंकर प्रसाद, बक्सर से अश्विनी चौबे, चंडीगढ़ से किरण खेर, गुरदासपुर से सनी देओल समेत कई दिग्गज मैदान में हैं।