कांग्रेस का कहना है कि वह अगर आने वाला लोकसभा चुनाव जीतती है तो संसद में महिला सशक्तीकरण विधेयक पेश करेगी। पार्टी के नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया का कहना है कि 2019 के लोकसभा चुनाव जीतने पर पार्टी संसद के पहले ही सत्र में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने संबंधी विधेयक को पारित करेगी। सिंधिया, लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक और गुना-शिवपुरी लोकसभा सीट से सांसद हैं।
गुना-शिवपुरी सीट से ही चुनाव लड़ेंगे ज्योतिरादित्य सिंधिया
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि वह आने वाले लोकसभा चुनाव में गुना-शिवपुरी लोकसभा सीट से ही लड़ेंगे। इससे पहले अटकलें लगाई जा रही थी कि सूबे की गुना-शिवपुरी लोकसभा सीट से इस बार सिंधिया की जगह उनकी पत्नी प्रियदर्शिनी राजे चुनाव में उतरेंगी।
गुना-शिवपुरी लोकसभा सीट सिंधिया परिवार की परंपरागत सीट रही है। यहां से राजमाता विजयाराजे सिंधिया, माधवराव सिंधिया और वर्तमान सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया कई दफा सांसद निर्वाचित हो चुके हैं। सिंधिया यहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के ‘सखी संवाद’ कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।
'महिला सशक्तीकरण के पक्ष में हैं सोनिया-राहुल'
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी सहित वे स्वयं भी महिला सशक्तीकरण के पक्षधर हैं। उन्होंने कहा, देश में असहिष्णुता का वातावरण पैदा किया जा रहा है, यह धर्म निरपेक्षता का देश रहा है, उदारता का देश रहा है। यहां सदैव महिलाओं का सम्मान होता रहा है। गौरतलब है कि महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने संबंधी विधेयक राज्य सभा में 9 मार्च 2010 में पेश हो चुका है और लोकसभा में मंजूरी को लेकर अटका हुआ है।
सिंधिया ने कार्यक्रम में अपनी पत्नी प्रियदर्शिनी राजे सिंधिया की तारीफ करते हुए कहा कि वह उनसे ज्यादा योग्य हैं। उन्होंने कहा कि अगर लोकसभा में महिला सशक्तीकरण बिल पास हो गया तो 160-170 महिला सांसद देश के सम्मान के लिए काम करेंगी। इस कार्यक्रम में उनकी पत्नी भी मौजूद थीं।