छत्तीसगढ़: 9 अप्रैल को नक्सली हमले में मारे गए भाजपा विधायक भीमा मंडावी के परिजनों ने दंतेवाड़ा में वोट डाला। (तस्वीर वोटिंग के दौरान की है)
जानिए किस राज्य में हुई कितनी वोटिंग- (मतदान का ये आंकड़ा शाम 5 बजे तक का है)
ओडिशा के कालाहांडी में मतदानकर्मी ईवीएम और वीवीपैट ले जाते हुए।
शाम पांच बजे तक कहां हुआ कितना मतदान- बिहार में सबसे कम 50 फीसदी मतदान, मणिपुर में सबसे ज्यादा 78 फीसदी मतदान।
पंजाब सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू का भाजपा पर तंज- 'दुनिया कहां जा रही है, चीन समुद्र के नीचे रेल लाइन बिछा रहा है और अमेरिका मंगल ग्रह पर जाकर जीवन खोज रहा है। रूस रोबोटिक आर्मी बना रहा है और आप चौकीदार बना रहे हो, वो भी चोर।
ओडिशा- कालाहांडी के भेजीपादार गांव के लोगों ने पहले चरण के मतदान का बहिष्कार किया। इनका कहना है कि बार-बार गुजारिश के बावजूद वे अभी तक गांव तक अच्छी सड़क का इंतजार कर रहे हैं।
आंध्र प्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू ने कहा- चुनाव आयोग अधिकारियों के तबादले में ही व्यस्त रहा। ईवीएम-वीवीपैट को मेंटेन नहीं कर सका। आपको (मतदाता) गर्मी के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके लिए मुझे बहुत बुरा लग रहा है।
बिहार के जमुई में मतदान खत्म हो गया है। जिसके बाद ईवीएम और वीवीपैट को स्ट्रॉन्ग रूम में ले जाया गया।
गाजियाबाद की कांग्रेस उम्मीदवार डॉली शर्मा ने आरोप लगाया है कि मुस्लिम उम्मीदवारों को वोट डालने से रोका गया। इस सीट पर भाजपा के मौजूदा सांसद जनरल वीके सिंह एक बार फिर मैदान में हैं।
बंगाल के कूचबिहार में दिनहाटा में लोगों ने पहली बार बतौर भारतीय मतदाता वोटिंग की प्रक्रिया में हिस्सा लिया। बांग्लादेश के साथ हुए एंक्लेव समझौते के तहत 9, 776 लोग 'नए भारतीयों' के तौर पर 2015 में वोटर लिस्ट में जोड़े गए थे।
आंध्र प्रदेश में वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के एक कार्यकर्ता को अस्पताल ले जाने की नौबत आ गई जब कडप्पा जिले के एक मतदान केंद्र पर वाआईएस और टीडीपी कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई।
उत्तर प्रदेश में दोपहर तीन बजे तक 50.86 फीसदी मतदान हुआ। जबकि नगालैंड में तीन बजे तक 68 फीसदी, तेलंगाना में 48.95 फीसदी, असम में 59.50 फीसदी और मेघालय में 55 फीसदी मतदान हुआ।
नागपुर में दोपहर तीन बजे तक 38.35 फीसदी मतदान।
दोपहर तीन बजे तक लक्षद्वीप में 51.25 फीसदी, उत्तराखंड में 46.59 फीसदी और मणिपुर में 68.90 फीसदी वोटिंग हुई।
बसपा ने चुनाव आयोग को लिखा- हमें विभिन्न मतदान केंद्रों से सूचना मिल रही है कि बसपा मतदाताओं खासकर दलितों को यूपी पुलिस वोट डालने से रोक रही है। ये सब ऊपर से निर्देश मिलने के बाद किया जा रहा है। इस पर उचित कार्रवाई की जाए।
आंध्र प्रदेश के गुंटूर में टीडीपी नेता के. शिव प्रसाद राव पर मतदान केंद्र के भीतर हुआ हमला।
कैराना में मतदान केंद्र में घुसने पर फायरिंग की खबर पर जिलाधिकारी ने कहा है, "बीएसएफ के जवानों ने सुरक्षा कारणों से हवा में गोली चलाई थी। कुछ लोग बिना पहचान पत्र के वोट डालने की कोशिश कर रहे थे। अब वोटिंग दोबारा शुरू हो गई है।
सीधीपेट जिले में तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव और उनकी पत्नी ने डाला वोट।
बिजनौर में ईवीएम में कमल का बटन दबाने पर हाथी का बटन दबने के आरोपों पर सेक्टर मजिस्ट्रेट राकेश कुमार ने ऐसी किसी भी घटना से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से हो रहे हैं। मॉक पोलिंग के दौरान कुछ दिक्कत थी जो दूर कर ली गई है।
नोएडा में 'नमो' ब्रांडिंग वाले खाने के पैकेटों पर छिड़े विवाद के बीच अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीआर तिवारी ने कहा है कि हमें मीडिया से इस बात की जानकारी मिली है। ये 'नमो' नाम से 10 साल पुरानी दुकान है। ये मीडिया में गलत तरीके से दिखाया गया है।
उत्तर प्रदेश के कैराना में कुछ लोगों पर बिना आईडी के मतदान केंद्र में घुसने का आरोप है। जिसके बाद बीएसएफ सुरक्षाकर्मियों को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। पूरा मामला कांधला के रसूलपुर गुजरान गांव का है।
उमर अब्दुल्ला के ट्वीट पर पुंछ के जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा है कि शाहपुर में एक ईवीएम पर कांग्रेस के बटन को लेकर कुछ दिक्कत थी। उस ईवीएम को अब बदल दिया गया है। दूसरे मतदान केंद्र पर भाजपा का बटन काम नहीं कर रहा था। उसे भी बदल दिया गया है।
उमर अब्दुल्ला ने कुछ देर पहले ट्वीट करते हुए कहा था कि पुंछ के मतदान केंद्रों पर कांग्रेस का बटन काम नहीं कर रहा।
उत्तराखंड के हरिद्वार में स्वामी रामदेव ने किया मतदान। उत्तराखंड की सभी सीटों पर पहले चरण में ही है वोटिंग।
आंध्र प्रदेश के पुतलापट्टू सीट पर वायएसरआर कांग्रेस और टीडीपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प। पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा।
विजयवाड़ा के चैतन्य विद्यालय में वोट डालने पहुंचे जन सेना पार्टी के मुखिया और अभिनेता पवन कल्याण।
तेलंगाना के खम्मम में कांग्रेस उम्मीदवार रेणुका चौधरी ने डाला वोट। जीत की जताई उम्मीद।
उत्तर-पूर्वी राज्यों में बंपर वोटिंग देखी जा रही है। सुबह 11 बजे तक नगालैंड में 41 तो मणिपुर में 35 फीसदी वोटिंग। देश भर में औसत मतदान- 24.32 फीसदी।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखी चिट्ठी: हो सकता है कि खराब ईवीएम की वजह से लौटे मतदाताओं फिर मतदान केंद्र न आएं। इसे देखते हुए ऐसे केंद्रों पर दोबारा मतदान की जरूरत है जहां सुबह 9.30 तक मतदान शुरू नहीं हो पाया।
असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने डिब्रूगढ़ में डाला वोट।
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में मंगलवार को हुई बड़ी वारदात के बावजूद खासी संख्या में लोग मतदान केंद्र तक पहुंच रहे हैं।
नागपुर से मौजूदा सांसद और भाजपा उम्मीदवार नितिन गडकरी ने डाला वोट।
जम्मू-कश्मीर के बांदीपोरा में एक मतदाता गुलाम मोहम्मद ने कहा कि इस बार हम एक ऐसे व्यक्ति के लिए वोट करना चाहेंगे जो संसद में हमारे मुद्दों को उठाए। हम इस क्षेत्र में शांति चाहते हैं। वोटिंग शांतिपूर्ण तरीके से जारी है।
एआईएमआईएम अध्यक्ष, हैदराबाद से मौजूदा सांसद और उम्मीदवार असदुद्दीन ओवैसी ने डाला वोट। ओवैसी यहां से तीन बार से सांसद हैं।
तस्वीरों में दिग्गजों का मतदान
मतदान केंद्रों पर आचार संहिता की धज्जियां उड़ाए जाने की भी कुछ खबरें सामने आ रही हैं। नोएडा में सेक्टर 15ए के एक मतदान केंद्र पर भाजपा उम्मीदवार पर नमो फूड पैकेट बंटवाने का आरोप है।
देश की 91 सीटों पर मतदान जारी है। इस बीच इन सीटों के लिए जो आंकड़े आए हैं, उनके मुताबिक सुबह 9 बजे तक 13.34 फीसदी वोटिंग हुई है।
-आंध्र प्रदेश में जन सेना विधायक मधुसूदन गुप्ता पर अनंतपुर जिले में एक ईवीएम तोड़ने का आरोप है। पुलिस ने किया गिरफ्तार। आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव भी लोकसभा के साथ ही हो रहे हैं।
मुजफ्फरनगर से भाजपा के मौजूदा सांसद और उम्मीदवार संजीव बाल्यान ने बुर्के की आड़ में फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इस बाबत चुनाव आयोग में शिकायत भी की है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देहरादून के डिफेंस कॉलोनी स्थित मतदान केंद्र संख्या 124 पर डाला वोट।
यूपी के बागपत में सुबह 9 बजे तक 11 फीसदी मतदान की खबर। गाजियाबाद में 12 फीसदी मतदान।
तेलंगाना राष्ट्र समिति की नेता के कविता ने निजामाबाद सीट के पोतंगल मतदान केंद्र पर डाला वोट।
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में नक्सलियों ने आईईडी धमाका किया है। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
बागपत में राष्ट्रीय लोकदल ने ईवीएम मशीन खराब होने की शिकायत चुनाव आयोग से की है। करीब 30 से ज्यादा ईवीएम मशीन खराब होने से मतदान प्रभावित होने की खबर है।
उत्तर प्रदेश के बिजनौर, बागपत और गाजियाबाद में कुछ जगह ईवीएम खराब होने की खबरें हैं।
मणिपुर के इंफाल में वोटिंग जारी है। मणिपुर की दो में से एक सीट- आउटर मणिपुर पर आज मतदान है।
आज छत्तीसगढ़ की बस्तर सीट पर भी मतदान है। दंतेवाड़ा में नक्सली साये के बीच लोग मतदान के लिए कतारों में लगे हैं। बस्तर में मंगलवार को हुए आईईडी धमाके में भाजपा विधायक भीमा मंडावी की मौत हो गई थी।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने देहरादून में वोट डाला है। आपको बता दें, निशंक हरिद्वार सीट से भाजपा के उम्मीदवार हैं। उनके सामने हैं, कांग्रेस के अंबरीश कुमार।
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने परिवार के साथ अमरावती में अपना वोट डाला। आंध्र प्रदेश की सभी 25 लोकसभा सीटों पर आज चुनाव है। इसके साथ ही विधानसभा चुनाव भी आज ही संपन्न होगा।
नागपुर के धर्मपेठ स्कूल में वीवीपैट खराब होने की खबर है। यहां एक घंटे से मतदान रुका हुआ है। इसी मतदान केंद्र पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का वोट भी है।
उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत हल्द्वानी के देवलचौर में मतदान के लिए कतार में लगे।
बागपत के बड़ौत में मतदाताओं के लिए ढोल और फूलों की बौछार। इसके लिए विशेष तौर पर एनसीसी कैडेट को लाया गया है।
जम्मू-कश्मीर में जम्मू और बारामूला सीटों पर मतदान शुरू हो चुका है। और इसी के साथ लग गई है मतदाताओं की कतार।
उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड में मतदान से जुड़ी हर खबर यहां पढ़ें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया ट्वीट: लोकसभा चुनावों के लिए आज पहले चरण का मतदान है। सभी मतदाताओं से मेरी विनती है कि लोकतंत्र के इस महोत्सव में जरूर हिस्सा लें। अधिक-से-अधिक संख्या में मतदान करें। पहले मतदान, फिर जलपान!
नागपुर में संघ प्रमुख मोहन भागवत ने डाला वोट। उन्होंने कहा कि सभी को वोट जरूर डालना चाहिए। नागपुर से भाजपा के नितिन गडकरी और कांग्रेस से नाना पटोले मैदान में हैं।
बिहार, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ की मतदान से जुड़ी हर खबर यहां पढ़ें
लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों और चार राज्यों की विधानसभा सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। 91 लोकसभा सीटों पर कुल 1279 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पहले दौर में कई दिग्गज उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर लगेगी।