गुरुवार को उत्तरप्रदेश के बदायूं में जनसभा को संबोधित करने पहुंचे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहते थे कि हर साल दो करोड़ युवाओं को रोजगार देंगे, किसानों की फसलों के सही दाम देंगे, लेकिन उन्होने जो झूठ बोला है, अब पांच साल के बाद उसकी सच्चाई देश के सामने है। 45 साल में सबसे अधिक बेरोजगारी देश में है, नोटबंदी के बाद फैक्ट्रियां बंद हुई, छोटे दुकानदारों का धंधा बंद हो गया। हर राज्य का युवा बेरोजगार है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी राष्ट्रीय सुरक्षा और देशभक्ति की डींग हांकते हैं, लेकिन किसानों की समस्याओं, युवाओं की बेरोजगारी की बात नहीं करते हैं। क्या इनकी बात करना देशभक्ति नहीं है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने जनसभा में कहा कि चौकीदार ने नोटबंदी करके और गब्बर सिंह टैक्स लागू करके देश की जनता का पैसा उद्योपतियों की जेब में डाला है। उन्होने कहा कि कांग्रेस की सरकार यही पैसा उद्योपतियों की जेब से निकालकर गरीबों की जेबों में डालने जा रही है। 20 प्रतिशत गरीबों के खाते में सीधे 72 हजार रुपए डाले जाएंगे। जैसे ही लोगों के खाते में पैसा जाएगा लोग सामान और जरुरी चीजें खरीदने लगेंगे, फैक्ट्रियां शुरु हो जाएगी। बेरोजगोरों को नौकरियां मिलेंगी। देश की अर्थव्यवस्था का इंजन स्टार्ट हो जाएगा। हम अर्थव्यवस्था के इंजन में न्याय योजना का पेट्रोल डाल रहे हैं। उन्होने कहा कि एक तरफ अन्याय है, दूसरी तरफ न्याय है। एक तरफ 15 लाख का झूठ है, दूसरी तरफ 3,60,000 रुपए का सच है। एक तरफ 2 करोड़ नौकरियों का झूठ है, तो दूसरी तरफ 22 लाख नौकरियों का सच अब आपको तय करना है कि आप झूठ सुनेंगे या सच पर भरोसा करेंगे।
मालूम हो कि बदायूं में तीसरे चरण में 23 अप्रैल को मतदान होना है. बदायूं उत्तर प्रदेश की उन चंद लोकसभा सीटों में शामिल है जिसे समाजवादी पार्टी का किला कहा जाता है। कांग्रेस की ओर से सलीम इकबाल शेरवानी चुनावी मैदान में हैं। आज उत्तरप्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर मतदान हो रहा है।