कामकाज में आई पारदर्शिता
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन पांच सालों में हमने एसी कमरों में बैठकर मौजमस्ती नहीं की, बल्कि जनभागीदारी से परिवर्तन लाने का काम किया। इस दौरान भारत दुनिया का तीसरा बड़ा स्टार्टअप ईको सिस्टम बना। पांच सालों में कामकाज में पारदर्शिता आई है और फैसले लेने की प्रक्रिया तेज हुई है। पांच वर्षों में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक रकम सरकारी तिजोरी से गलत हाथों में चली जाती थी। लेकिन मैंने ऐसा होने से रोक लिया है। बीते 5 वर्ष में हमने टेक्नॉलॉजी और ट्रांसपेरेंसी पर विशेष ध्यान दिया है। आज आप देखिए, टेक्नॉलॉजी के मामले में भारत की ग्लोबल स्टैंडिंग क्या है? देखते ही देखते भारत दुनिया का तीसरा बड़ा स्टार्ट अप इको सिस्टम बन गया है। हमने टैक्सपेयर्स का सम्मान करते हुए महंगाई, ईएमआई कम की है। ईमानदार टैक्स पेयर को सम्मान दिया, 5 लाख तक आमदनी पर टैक्स नहीं है, ये काम इस चौकीदार ने कर दिया है।
अब भारत घर में घुसकर मारता है
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये नया हिंदुस्तान है, अब भारत घर में घुसकर मारता है। उसके बावजूद पूरी दुनिया हमारे साथ खड़ी रहती है, कोई भी पाकिस्तान को सुनने को तैयार नहीं है। पूरी दुनिया हमारे साथ खड़ी रहती है, कोई भी पाकिस्तान को सुनने को तैयार नहीं है। कांग्रेस के पास केवल एक मुद्दा, मोदी हटाओ। इनके कारण ही आतंकवाद व नक्सलवाद को बल मिला।
वंशवाद पर निशाना
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वंशवाद के पेड़ पर चढ़कर इन लोगों को पार्टी की कमान तो मिल सकती है, लेकिन सोच और विजन नहीं मिल सकता। जब विजन नहीं होता, जब ट्रैक रिकॉर्ड ठीक नहीं होता तो झूठ फैलाना पड़ता है। यही कारण है कि आज कांग्रेस देश की डिफेंस पॉलिसी, हमारी रक्षा नीति डिस्कस ही नहीं करना चाहती। बताओ आतंकवाद से कौन मुकाबला कर सकता है (आवाज आई मोदी) कांग्रेस की हर चीज वंशवाद व वोट बैंक से तय होती है। इस बार पूरी शक्ति से कमल खिलाना है, चौकीदार को मजबूत बनाना है।
कांग्रेस का अहंकार
कांग्रेस और कमलनाथ सरकार को निशाने पर लेते हुए पीएम ने कहा- यहां बिजली के बिल की बजाय बिजली की सप्लाई हाफ क्यों हुई? पिछली बार मेक इन इंदौर, मेक इन मंदसौर, नामदार कह गए थे। यहां की मीडिया ने छापा भी, विशेष कृपा रहती है उन पर लेकिन उनके मेनिफेस्टो में उल्लेख नहीं, ये कोई अखबार छापेगा नहीं। ये कांग्रेस की आदत है, उसका अहंकार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का अहंकार ‘हुआ तो हुआ’ इन तीन शब्दों से प्रकट होता है, जो उसकी पहचान भी है।
पहले महामिलावटी लोगों का राज था
उन्होंने यूपीए सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इन्हीं महामिलावटी लोगों का राज था, जब मई के ही महीने में वर्ष 2009 और 2014 के लोकसभा चुनावों के दौरान तत्कालीन सरकार ने कह दिया था कि वह आईपीएल के क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन नहीं करा सकती। नतीजतन युवाओं का यह पसंदीदा आयोजन हिंदुस्तान के बाहर हुआ था। प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि वर्ष 2014 में केंद्र में सरकार बदलने के बाद अब मई के ही इस महीने में लोकसभा चुनाव भी हो रहे हैं और आईपीएल का आयोजन भी हो रहा है। इस दौरान अलग-अलग धर्मों के त्योहार भी मनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, यह नया हिन्दुस्तान है। लोकसभा चुनावों के दौरान ही हमने फोनी तूफान को लेकर स्थिति पर काबू पाया, 12 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया और हजारों लोगों की जान बचाई।