फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छठे चरण में 59 सीटों के लिए कुल 63 फीसदी मतदान, प. बंगाल में हिंसा के बीच रिकॉर्डतोड़ वोटिंग

Sun, 12 May 2019 10:01 PM IST
Abhishek Singh चुनाव डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
लोकसभा चुनाव 2019- छठे चरण का मतदान - फोटो : Amar Ujala Gfx
विज्ञापन

देशभर के सात राज्यों की 59 सीटों पर छठे चरण का मतदान संपन्न हो गया। चुनाव आयोग ने कहा कि लोकसभा चुनाव के छठे चरण में 63.3 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है जिसमें रविवार को सात राज्यों की 59 सीटों के लिए वोट डाले गए। छठे चरण के तहत मतदान बिहार में आठ सीटों, हरियाणा की सभी 10 सीटों, दिल्ली की सभी सात सीटों, झारखंड की चार सीटों, मध्य प्रदेश की आठ सीटों, उत्तर प्रदेश की 14 सीटों और पश्चिम बंगाल की आठ सीटों पर मतदान हुआ। 

विज्ञापन


मतदान के दौरान प. बंगाल में कई जगहों पर हिंसा हुई। यहां भाजपा उम्मीदवार की गाड़ी पर हमला किया गया और कार्यकर्ताओं के मारे जाने की भी खबर आई। देश में बाकी जगहों पर मतदान शांतिपूर्ण रहा। इस दौर में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी, दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, भोपाल से भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर समेत कई नेताओं ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 2014 में भाजपा ने इन 59 में 45 सीटें अकेले जीती थीं। उसकी सहयोगी लोजपा को एक सीट मिली थी। तृणमूल कांग्रेस को 8, कांग्रेस-आईएनएलडी को दो-दो और सपा को एक सीट मिली थी। जानिए किस राज्य में कितनी हुई वोटिंग और कैसा रहा माहौल। 

शाम छह बजे तक मतदान

बिहार - 55.36%
हरियाणा - 6.43%
मध्यप्रदेश - 60.30% 
उत्तर प्रदेश - 51.37%
प. बंगाल - 80.16%
झारखंड - 64.46%
दिल्ली - 55.51%

 

उत्तर प्रदेश
छठे चरण में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी सहित कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। यहां छह बजे तक 50.82 फीसदी वोटिंग हुई थी। इस चरण में करीब 2 करोड़ 53 लाख मतदाताओं ने 177 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला किया। मतदान के लिए कुल 16998 केंद्र बनाए गए थे। मतदान को स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त संख्या में केंद्रीय बल और पीएसी जवान तैनात किए गए।

सुलतानपुर के इसौली विधानसभा क्षेत्र के मायंग मतदान केंद्र पर भाजपा प्रत्याशी मेनका गांधी और सपा बसपा गठबंधन प्रत्याशी चन्द्रभद्र सिंह उर्फ सोनू के बीच कहासुनी हो गई। वहीं, सपा ने आजमगढ़ के गोपालपुर में मुस्लिमों, पिछड़ों और दलितों के मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के पहचान पत्र और अन्य चीजों को लेकर काफी समय बर्बाद किए जाने का आरोप लगाया। पार्टी ने कहा कि इससे मतदान की गति प्रभावित की जा रही है, क्योंकि प्रचण्ड गर्मी की वजह से लोग ज्यादा वक्त तक कतार में नहीं खड़े हो सकते।

पश्चिम बंगाल 

पश्चिम बंगाल में भाजपा उम्मीदवार पर हमले और इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में खराबी की खबरों के बीच लोकसभा चुनाव के छठे चरण में देश भर में 59 सीटों पर जबरदस्त मतदान हुआ। शाम छह बजे तक यहां 80 फीसदी वोटिंग हुई।  

पश्चिमी मेदिनीपुर जिले से हिंसा की खबरें भी मिलीं। घाटल से भाजपा प्रत्याशी और भारतीय पुलिस सेवा की पूर्व अधिकारी भारती घोष के काफिले पर हमला किया गया। पथराव में उनका एक सुरक्षा गार्ड घायल हो गया और काफिले का एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने लाठीचार्ज किया।

बिहार

राज्य में मतदान शांतिपूर्ण रहा। हालांकि शिवहर लोकसभा क्षेत्र में मतदान शुरू होने से पहले एक सुरक्षाकर्मी बंदूक साफ कर रहा था । इस दैरान दुर्घटनावश गोली चलने की घटना में एक पुलिस अधिकारी घायल हो गया। वहीं दूसरी ओर, राज्य में कई मतदान केन्द्रों पर ईवीएम में खराबी आने की खबरें भी मिली। जिससे मतदान में देरी भी हुई। यहां शाम छह बजे तक 55 फीसदी मतदान हुआ। 

प्रदेश के पूर्वी चंपारण से केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह, वैशाली से राजद उम्मीदवार रघुवंश प्रसाद सिंह जैसे बड़े नाम मैदान में हैं। वहीं सीवान में स्थानीय बाहुबलियों की पत्नियों के बीच मुकाबला है। जदयू ने स्थानीय विधायक कविता सिंह को टिकट दिया, जो अजय सिंह की पत्नी हैं। राजद ने हीना शाहाब को टिकट दिया है। वह चार बार सांसद रह चुके जेल में बंद मोहम्मद शाहबुद्दीन की पत्नी हैं।
 

दिल्ली

दिल्ली में लोकसभा की सात सीटों के लिए रविवार हुए मतदान में करीब 60 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकारों का इस्तेमाल किया। यह आंकड़ा 2014 के लोकसभा चुनाव की तुलना में पांच फीसदी कम है। दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रणबीर सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए जिस प्रकार से अभियान चलाया गया था उसे देखते हुए मतदाताओं की संख्या चुनाव आयोग की उम्मीद से काफी कम है।

शाम छह बजे तक कुल 60 प्रतिशत मतदान हुआ था लेकिन इस आंकडे में थोड़ी बढ़ोतरी होगी क्योंकि अनेक स्थानों में निर्धारित समय के बाद भी मतदान चल रहा था। सिंह ने कहा कि वर्ष 2014 में करीब 65 प्रतिशत मतदान हुआ था लेकिन इस बार इसके करीब 61 फीसदी रहने का अनुमान है, यह निराशाजनक है। 

राजनीतिक दलों के आरोप प्रत्यारोप भी खूब चले। आप प्रत्याशी राघव चड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर फर्जी वोट डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, एक व्यक्ति ने चार बार वोट डाला। हमने 8 से 10 ऐसे लोग पहचाने और एक को रंगे हाथ पकड़ भी लिया।

आम आदमी पार्टी के मालवीय नगर से विधायक सोमनाथ भारती ने आरोप लगाया कि मतदान केंद्र संख्या 116, 117 और 122 पर ईवीएम काम नहीं कर रही हैं। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, उन्हें रोहिणी के बेगमपुर में ईवीएम के काम नहीं करने के बारे में सूचना मिली थी लेकिन ईवीएम को ठीक कर दिया गया।

छठे चरण के लोकसभा चुनाव में रामनाथ कोविंद, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी और विदेश मंत्री सुषमा स्वराज दिल्ली में अपना वोट डालने वाले लोगों में शामिल रहे। वहीं मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, केन्द्रीय मंत्री और चांदनी चौक लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार हर्षवर्धन, पूर्व क्रिकेटर और भाजपा के पूर्वी दिल्ली सीट से उम्मीदवार गौतम गंभीर, नई दिल्ली और उत्तरपूर्वी दिल्ली सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अजय माकन और शीला दीक्षित ने भी अपना वोट डाला।

चांदनी चौक- 60.25%
उत्तर पूर्व दिल्ली- 58.03%
पूर्वी दिल्ली- 57.44%
नई दिल्ली- 54.03%
उत्तर पश्चिम दिल्ली- 54.99%
पश्चिम दिल्ली- 55.79%
दक्षिण दिल्ली- 53.52%



 

मध्य प्रदेश

लोकसभा चुनाव के छठे चरण में रविवार को मध्यप्रदेश की आठ लोकसभा सीटों पर कुल 64.24 प्रतिशत मतदान हुआ, जो वर्ष 2014 लोकसभा चुनाव में इन आठ सीटों पर हुए कुल मतदान की तुलना में 7.43 प्रतिशत अधिक है। यह रात नौ बजे का आंकड़ा है और अंतिम आंकड़ा देर रात या कल सुबह तक मिलने की उम्मीद है। राज्य में सभी जगह पर मतदान शांतिपूर्ण रहा। कहीं से भी कोई अप्रिय घटना होने की खबर नहीं है। 

निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मध्यप्रदेश की आठ लोकसभा सीटों मुरैना, भिण्ड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल और राजगढ़ के लिये के लिए आज कुल 64.24 प्रतिशत मतदान हुआ है। यह रात नौ बजे का आंकड़ा है।’’ उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के पिछले लोकसभा चुनाव में इन आठ सीटों पर कुल 56.81 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस प्रकार इस चुनाव में इन सीटों पर पिछले लोकसभा चुनाव से 7.43 प्रतिशत अधिक मतदान हुआ है।

सबसे अधिक मतदान राजगढ़ लोकसभा सीट पर 73.45 प्रतिशत रहा, जबकि सबसे कम मतदान भिण्ड लोकसभा सीट में 53.09 प्रतिशत हुआ। अधिकारी ने कहा कि रात नौ बजे तक मिली जानकारी के अनुसार मुरैना में 60.67 प्रतिशत, भिण्ड में 53.09 प्रतिशत, ग्वालियर में 59.60 प्रतिशत, गुना में 67.69 प्रतिशत, सागर में 65.41 प्रतिशत, विदिशा में 70.80 प्रतिशत, भोपाल में 65.33 प्रतिशत और राजगढ़ में 73.45 प्रतिशत मतदान हुआ है।

छठे चरण के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस महासचिव और गुना संसदीय क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपनी पत्नी प्रियदर्शनी राजे के साथ ग्वालियर में मतदान किया। भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार और मालेगांव बम विस्फोट मामले में आरोपी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने भोपाल में वोट डाला जबकि उनके प्रतिद्वंदी कांग्रेस के उम्मीदवार दिग्विजय सिंह भोपाल में मतदान नहीं कर सके क्योंकि वह भोपाल लोकसभा सीट के मतदाता नहीं हैं।

 

हरियाणा

प्रदेश के सभी 10 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चला। छह बजे तक यहां मतदान प्रतिशत रहा 62 फीसदी। पूरे राज्य में मतदान एक ही चरण में हुआ। 

सोनीपत सीट से चुनाव लड़ रहे जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला ने आरोप लगाया कि जींद जिले में बूथ संख्या 88, 89 और 90 पर उनकी पार्टी का चिह्र ईवीएम मशीनों पर स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा और कुछ मतदाताओं ने इस संबंध में उनसे शिकायत की थी। चौटाला ने कहा कि यह एक गंभीर मामला है और चुनाव आयोग को इसे देखना चाहिए। 
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने गुड़गांव में वोट डाला। वोट डालने के बाद उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर ऊंगली में स्याही लगी तस्वीर पोस्ट की।
 
विज्ञापन

झारखंड

लोकसभा चुनाव के छठे चरण के तहत झारखंड में चार लोकसभा सीटों के लिए रविवार शाम छह बजे तक कुल 64 प्रतिशत मतदान हुआ। यहां मतदान चार बजे ही खत्म हो गया था। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं। विशेषकर सिंहभूम में बंपर मतदान हुआ। यहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ और हजारों करोड़ रुपये के घोटाले के आरोपी पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा के बीच कांटे का मुकाबला है।

राज्य के जल संसाधन मंत्री और राजग-आजसू के गिरिडीह से प्रत्याशी चंद्रप्रकाश चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़़ा की पत्नी एवं सिंहभूम सीट से उम्मीदवार गीता कोड़ा और भाजपा के तीन निवर्तमान सांसदों-प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, जमशेदपुर से विद्युत बरण महतो और धनबाद से पीएन सिंह के भाग्य का फैसला आज हो रहे मतदान से होगा।




 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें