लोकसभा चुनाव 2019 का चुनावी अभियान चरम पर है, सोशल मीडिया आज चुनाव प्रचार का बड़ा माध्यम बन चुका है कई बार सच्चाई के साथ-साथ आफवाहें भी बहुत तेजी से फैलती हैं। ऐसे में अमर उजाला अपने पाठकों को सच्चाई से अवगत कराता रहता है।
सोशल मीडिया में हरे रंग की इमारत वायरल हो रही है जिसको कांग्रेस पार्टी का वायनाड कार्यालय बताकर लगातार शेयर किया जा रहा है, इस इमारत पर अर्धचंद्र व तारा दिखाई दे रहा है। पोस्ट में यह लिखा जा रहा है कि आप अंदाजा लगाइए, कांग्रेस ने घोषणापत्र में इतनी दरियादिली क्यों दिखाई।
क्या कहती है अमर उजाला की पड़ताल
हमने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस पोस्ट की जांच की तो पाया जो ऑफिस पोस्ट में कांग्रेस का कहकर वायरल किया जा रहा है वह दरअसल केरल में कांग्रेस की सहयोगी पार्टी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग का इकबाल नगर स्थित कार्यालय है और इमारत पर मलयालम भाषा में लिखा भी हुआ है- 'इकबाल नगर लीग हाउस'।
इस इमारत पर केरल राज्य समिति के पूर्व अध्यक्ष सैयद मुहम्मदली शिहाब का एक पोस्टर भी लगा हुआ है। अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में पाया कि इमारत की तस्वीर तो सही है पर इसे लेकर किया गया दावा पूरी तरह झूठा है।