लोकसभा चुनाव के मतदान से पहले दो बातें ऐसी हो गई, जिन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी को हक्का बक्का कर दिया। दोनों ही बातें ऐसी रही, जिनमें यह नहीं पता चल पा रहा था कि हरकत किसने कराई है। एक, आप के लोकसभा प्रत्याशी के बेटे का आरोप है कि आम आदमी पार्टी ने टिकट देने के लिए उसके पिता से कथित तौर पर छह करोड़ रुपये लिए हैं।
दूसरी, किसी ने दिल्ली के लोगों के मोबाइल फोन एक एसएमएस भेज दिया। फोन कॉल भी गई। इसमें एक सर्वे रिपोर्ट का जिक्र था। कथित तौर पर सर्वे में आप को सबसे ज्यादा मत फीसदी, कांग्रेस को सबसे कम और भाजपा को आप से 11 फीसदी कम वोट मिलने की बात कही गई है। यह मैसेज आने के बाद कांग्रेस की प्रत्याशी और पूर्व सीएम शीला दीक्षित ने कहा, आप की ओर से ऐसे गलत काम किए जा रहे हैं। हमने चुनाव आयोग को यह शिकायत दे दी है।
दिल्ली में 12 मई को मतदान होगा। शनिवार को आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार बलबीर जाखड़ के बेटे उदय जाखड़ ने आप पर गंभीर आरोप लगा दिया। उसने एक वीडियो इंटरव्यू में कहा, आम आदमी पार्टी ने उसके पिता से लोकसभा चुनाव का टिकट देने के बदले छह करोड़ रुपये लिए हैं। यह वीडियो बाहर आते ही दिल्ली की राजनीति में खलबली मच गई। जब कुछ नहीं सूझा तो आप ने जल्दबाजी में एक प्रेसवार्ता कर उदय जाखड़ पर ही कई तरह के आरोप लगा दिए। साथ ही पार्टी ने सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया।
उदय का कहना था कि कहा कि मुझे मेरे पिता ने खुद यह बात बताई थी। उदय का तर्क था कि उसके पिता बलबीर ने उसे पढ़ाई के लिए पैसे नहीं दिए, लेकिन टिकट के लिए केजरीवाल को पैसे दे दिए। इतना ही नहीं, उदय ने कहा, मेरे पिता पहले से आप का हिस्सा नहीं थे। उन्होंने तो तीन माह पहले ही पार्टी ज्वाइन की है। उदय ने अपने पिता बलबीर पर यह आरोप भी लगाया है कि पिता यह पैसा 1984 सिख दंगों में सजा पाए कांग्रेस नेता सज्जन कुमार और यशपाल को बाहर निकालने के लिए भी इस्तेमाल कर सकते थे। सिख दंगों में सज्जन कुमार को उम्रकैद और यशपाल को फांसी की सजा सुनाई गई है। बलबीर जाखड़ का कहना है कि सभी आरोप गलत हैं। मेरी अपने बेटे के साथ लंबे समय से कोई मुलाकात भी नहीं हुई है।
दूसरी घटना, जिसने कांग्रेस और भाजपा को हैरत में डाल दिया, वह एक संगठन द्वारा जारी सर्वे था। इस सर्वे में कांग्रेस को बिल्कुल हाशिए पर डाला गया था। इसमें भाजपा को भी आप से पीछे दिखाया गया है। कांग्रेस पार्टी ने तुरंत इसकी शिकायत चुनाव आयोग को दी है। पूर्व सीएम और लोकसभा प्रत्याशी शीला दीक्षित ने कहा, यह आप की शरारत है। वह पहले भी ऐसी ओछी हरकतें करती रही है। यह वोटरों को गुमराह करने के लिए आप ने चाल चली है, लेकिन वोटर समझदार हैं। वे जानते हैं कि उन्हें वोट किसे देना है।
दूसरी ओर व्यापारी नेता प्रवीण खंडेलवाल ने भी बिना कोई देरी किए चुनाव आयोग को पत्र लिखकर आप के मामले की जांच कराने की मांग कर दी। उन्होंने अपने पत्र में कहा, आप प्रत्याशी के बेटे ने अरविंद केजरीवाल पर टिकट देने की एवज में छह करोड़ रुपये लेने का आरोप लगाया है। इसकी तुरंत जांच की जाए। यह एक गंभीर मामला है।