मुंबई की मेयर किशोरी पेडनेकर ने मंगलवार को कहा कि अगर यहां कोरोना वायरस के दैनिक मामलों की संख्या 20 हजार से अधिक हो गई तो शहर में केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार लॉकडाउन लगाया जाएगा। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) मुख्यालय में अपने कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने लोगों को सुझाव दिया कि सार्वजनिक बसों और लोकल ट्रेन से सफर करते समय तीन परत वाला मास्क पहनें।
कोरोना संबंधित नियमों का गंभीरता से पालन करें लोग
मेयर ने लोगों से जल्द से जल्द टीकाकरण करवा लेने की भी अपील की और कहा कि सभी लोग कोरोना वायरस से संबंधित नियमों और मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का गंभीरता के साथ पालन करें। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे एक-दो दिन में जनता को संबोधित कर सकते हैं। बीएमसी आयुक्त इकबाल सिंह ने लॉकडाउन की ओर संकेत दिया है और मामले तेजी से बढ़ने पर इसे लागू किया जाएगा।
क्रूज से आने वाले लोगों की होगी आरटी-पीसीआर जांच
एक क्रूज जहाज को सोमवार देर रात को मुंबई से वापस गोवा भेज दिया गया था। इस जहाज पर सवार 2000 से अधिक लोगों में से 66 कोरोना संक्रमित पाए गए थे। जहाज को वापस इसलिए भेजा गया था क्योंकि कुछ संक्रमित व्यक्तियों ने चिकित्सा केंद्र में भर्ती होने से इनकार कर दिया था। इससे जुड़े एक सवाल के जवाब में मेयर पेडनेकर ने कहा कि क्रूज शिप से गोवा से लौटने वाले लोगों की बीएमसी आरटी-पीसीआर जांच कराएगी।
20 हजार से ज्यादा दैनिक मामले हुए तो फिर लॉकडाउन
उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को नागरिक केंद्रों या होटलों में क्वारंटीन किया जाएगा, अगर वह इसके लिए भुगतान करने के लिए तैयार होंगे। मेयर ने बताया कि बीएमसी आयुक्त इकबाल सिंह चहल स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं और पहले ही अगर दैनिक मामले 20 हजार से अधिक होते हैं तो ऐसी स्थिति में लॉकडाउन की ओर संकेत दे चुके हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोरोना अनुरूप व्यवहार अपनाएं और मास्क जरूर पहनें।
'कोई लॉकडाउन नहीं चाहता, सब बुरी तरह प्रभावित होंगे'
मेयर ने कहा, 'आज कोई भी लॉकडाउन नहीं चाहता है और निश्चित तौर पर इसे नहीं लगाया जाना चाहिए। अभी लोग इससे उबर रहे हैं। अगर फिर से लॉकडाउन लगाया गया तो यह सभी को बुरी तरह प्रभावित करेगा। लेकिन अगर कोरोना संक्रमण दैनिक मामले 20 हजार के आंकड़े को पार करते हैं तो राज्य सरकार और नागरिक निकाय की ओर से केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार शहर में लॉककडाउन लागू किया जाएगा।'