कोविड-19 को लेकर लगाए गए लॉकडाउन को खत्म होने में मुश्किल से छह घंटे ही बाकी रह गए थे, कि रविवार को सरकार ने इसे फिर से बढ़ाने की घोषणा कर दी। नए आदेश में लॉकडाउन को बढ़ाकर 31 मई तक कर दिया गया, लेकिन इसमें कुछ प्रतिबंधों से छूट दी गई है। इसमें कार्यालयों, कारखानों और अन्य औद्योगिक इकाइयों को फिर से खोलने की अनुमति दी गई है।
हवाई यात्रा की तरह, अभी भी मेट्रो सेवाओं को शुरू करने की अनुमति नहीं दी गई है। इस तरह भारी भीड़ जुटने वाली जगहों, शॉपिंग मॉल्स और सिनेमा हॉल्स को भी खोलने की अनुमति नहीं मिली है।
रात को लगने वाला कर्फ्यू, जिसमें लोगों के 7 बजे शाम से लेकर 7 बजे सुबह तक आवाजाही को लेकर प्रतिबंध रहता है, वह भी बरकरार रहेगा। साथ ही 65 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और 10 साल की उम्र से कम के बच्चों को घरों में रहने को कहा गया है।