लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एलआईसी) ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को उतारने के लिए रविवार को दस्तावेजों का मसौदा बाजार नियामक सेबी के समक्ष दाखिल कर दिया। अब माना जा रहा है कि सेबी की मंजूरी के बाद एलआईसी मार्च में ही अपने आईपीओ को बाजार में उतार सकती है।
सरकार ने देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी एलआईसी के आईपीओ को संपन्न कराने के लिए पिछले साल सितंबर में 10 मर्चेंट बैंकरों की नियुक्ति की थी। इनमें गोल्डमैन सैक्स, सिटीग्रुप और नोमुरा भी शामिल हैं। वहीं कानूनी सलाहकार के तौर पर सिरिल अमरचंद मंगलदास को नामित किया गया था। आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने जुलाई 2021 में एलआईसी के विनिवेश को मंजूरी दी थी। इसे देश का अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ माना जा रहा है।
आम आदमी कैसे कर सकेगा आईपीओ में निवेश?
एलआईसी आईपीओ में निवेश करने के लिए सबसे पहले आपके पास एलआईसी पॉलिसी खाते से जुड़ा पैन और डीमैट अकाउंट होना जरूरी है। यानी आपको जल्द से जल्द इन दोनों को कामों को निपटाना जरूरी है। गौरतलब है कि एलआईसी 65 से अधिक वर्षों से भारत में जीवन बीमा प्रदान कर रहा है। आकलन के मुताबिक, भारीतय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की कुल संपत्ति देश के दूसरे सबसे बड़े निजी बीमाकर्ता, एसबीआई लाइफ की संपत्ति से 16.3 गुना ज्यादा है। इस संबंध में जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक, एलआईसी 36.7 खरब एयूएम के साथ भारत में सबसे बड़ा परिसंपत्ति प्रबंधक है। इसका एयूएम स्टैंडअलोन आधार पर वित्त वर्ष 2011 के लिए भारत की जीडीपी के 18 फीसदी के बराबर था।
सरकार के लिए हो सकता है फायदे का सौदा
चालू वित्त वर्ष के लिए विनिवेश लक्ष्य को घटाकर 78,000 करोड़ रुपये किया गया है। लेकिन इस लक्ष्य को पाने के लिए भी एलआईसी की सूचीबद्धता महत्वपूर्ण है। सरकार अब तक एयर इंडिया के निजीकरण और अन्य सरकारी उपक्रमों में अपनी हिस्सेदारी बिक्री से करीब 12,000 करोड़ रुपये जुटा चुकी है।
दुनिया की टॉप 10 बीमा कंपनियों में शामिल
आपको बता दें कि दुनिया की टॉप 10 बीमा कंपनियों में भारतीय कंपनी एलआईसी भी शामिल है। इस सूची में 5 इंश्योरेंस कंपनियां चीन की हैं, जिसमें पिंग दुनिया का सबसे ज्यादा वैल्युएबल इंश्योरेंस ब्रांड है। वहीं अमेरिका की दो और फ्रांस, जर्मनी व भारत की एक-एक कंपनी शामिल हैं। भारत की सबसे बड़ी शेयर सेल करने जा रही एलआईसी 8.656 अरब डॉलर (लगभग 64,722 करोड़ रुपये) की वैल्युएशन के साथ देश का सबसे मजबूत और सबसे बड़ा ब्रांड है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, इसके साथ ही यह दुनिया का तीसरा सबसे मजबूत इंश्योरेंस ब्रांड भी है।