केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय
- फोटो : ANI
केरल में विरोधी दलों के नेताओं की बढ़ती हत्या का मामला गरमाता जा रहा है। रविवार को अलपूझा में एक भाजपा नेता की हत्या के बाद सोमवार को केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय उन्हें श्रद्धांजलि देने कोच्चि पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि केरल में कानून व्यवस्था ठप हो गई है, इसलिए राज्य में राजनीतिक विरोधियों की हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने केरल की विजयन नीत एलडीएफ सरकार से हालात पर काबू करने का आग्रह किया, ताकि भाजपा व अन्य दलों पर और हमले न हों।
केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि अपराधियों को सड़कों पर बेखौफ घूमना लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है। लोगों को घर में घुसकर मारा जा रहा है। भाजपा ओबीसी मोर्चे केरल के सचिव रजनीश श्रीनिवास की इसी तरह हत्या की गई। राय ने कहा कि देश के दक्षिणी राज्य में ऐसे हालात अशोभनीय हैं। उन्होंने राज्य सरकार से कानून व्यवस्था बहाल करने की मांग की।
200 से ज्यादा भाजपा नेताओं की हत्या
उन्होंने कहा कि श्रीनिवास की हत्या राज्य सरकार की तुष्टिकरण की राजनीति का संकेत देती है। वह भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं की जान बचाने में निष्क्रिय रही है। बीते वर्षों में राज्य में 200 से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है। राय ने कहा कि वह राज्य सरकार को साफ शब्दों में कह रहे हैं कि ऐसे हालात लोकतंत्र के लिए अच्छे नहीं हैं।
भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता का दमन कर रही केरल सरकार
गृह राज्यमंत्री राय ने कहा कि वह आज सुबह कोच्चि पहुंचने के बाद कही गई बात दोहराना चाहते हैं कि केरल सरकार केरल में भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता को कुचलना चाहती है। इसलिए वह श्रीनिवास व पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं के हत्यारों को संरक्षण दे रही है।
पुलिस ने कहा- एसडीपीआई नेता की हत्या के प्रतिशोध में हुई हत्या
भाजपा नेता श्रीनिवास की रविवार सुबह अलपूझा में कुछ हमलावरों ने उनके घर में घुसकर उनके परिवार जनों के सामने हत्या कर दी थी। पुलिस का कहना है कि शक है कि श्रीनिवास की हत्या एसडीपीआई के राज्य सविच केएस शान की शनिवार को हुई हत्या के बदले के तौर पर की गई है।
अलपूझा जिले में धारा 144
इस बीच, अलपूझा जिले में धारा 144 लगा दी गई है और सोमवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई थी। हालांकि बाद में सर्वदलीय बैठक मंगलवार तक टाल दी गई। शान सोशियल डेमोक्रेटिक पार्टी आफ इंडिया के राज्य सचिव थे। पुलिस ने बताया कि उनकी शनिवार रात उस वक्त हत्या कर दी गई थी जब वे घर लौट रहे थे। उनकी बाइक एक कार से टकरा गई थी, इससे वे गिर पड़े थे। इसके बाद हमलावरों ने उन्हें बुरी तरह पीटा था। इससे उनकी मौत हो गई थी।