मंगलवार रात को फेरिमा और पगला पहाड़ में हुए भूस्खलन में राष्ट्रीय राजमार्ग का एक हिस्सा भी बह गया, जिससे राज्य के वाणिज्यिक केंद्र दिमापुर और नगालैंड की राजधानी कोहिमा के बीच सड़क संपर्क टूट गया। एक अधिकारी ने बताया कि फेरिमा में एक महिला सहित छह शव मिले हैं, जहां भूस्खलन में कई मकान और वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
नगालैंड के चुमौकेदिमा जिले में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में कई मकान और राष्ट्रीय राजमार्ग-29 का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। भूस्खलन में छह लोगों की मौत हो गई और कई लापता बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि घटना मंगलवार रात को हुई, जब जिले के फेरिमा में मूसलाधार बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ में सड़क के किनारे स्थित मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
विज्ञापन
अधिकारियों के मुताबिक, चुमौकेदिमा जिला प्रशासन स्थिति का आकलन कर रहा है। लापता लोगों का पता लगाने के लिए खोज अभियान शुरू कर दिया गया है। राजधानी कोहिमा को वाणिज्यिक केंद्र दीमापुर से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-29 का एक हिस्सा पूरी तरह बह गया है। एक अधिकारी ने बताया कि फेरिमा में एक महिला सहित छह शव मिले हैं, जहां भूस्खलन में कई मकान और वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि राज्य सरकार राहत और बचाव प्रयासों के लिए केंद्र के साथ बातचीत कर रही है। रियो ने कहा, 'लगातार बारिश के कारण एनएच-29 पर बड़े पैमाने पर हुए नुकसान से मैं बहुत चिंतित हूं। अधिकारी मौके पर जाकर स्थिति को संभालने की कोशिश र रहे हैं। राज्य सरकार तत्काल उपाय करने और जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करने के लिए भारत सरकार से संपर्क में है। हम राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) से संपर्क बनाए हुए हैं।
विज्ञापन
उपमुख्यमंत्री टी. आर. जेलियांग ने कहा कि कल रात फेरिमा और पगला पहाड़ के पास हुई दुर्भाग्यपूर्ण आपदा के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। इसमें जान-माल का नुकसान हुआ है। खोज और बचाव अभियान अभी भी जारी है, लापता लोगों की सुरक्षा के लिए सब मिलकर प्रार्थना करें।
दरअसल दिमापुर का राज्य की राजधानी के साथ सड़क संपर्क टूट गया था, जिससे आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित हुई, इसलिए लोगों ने घबराहट में खरीदारी की। किराने और सब्जी की दुकानों पर लंबी कतारें देखी गईं, जबकि पेट्रोल पंपों पर वाहनों की कतार देखी गई।
वहीं इस मामले में कोहिमा के डिप्टी कमिश्नर कुमार रमणीकांत ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी नहीं है। डीसी ने कहा कि प्रशासन वैकल्पिक मार्गों के माध्यम से आवश्यक वस्तुओं और ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पड़ोसी जिलों के साथ सहयोग कर रहा है।