BJP Vs Gujarat: गुजरात कांग्रेस का कहना है कि वह आने वाले दिनों में सबूतों के साथ विस्तृत रिपोर्ट पेश करेगी और चुनाव आयोग को भी इसकी जानकारी देगी। वहीं भाजपा का रुख साफ है कि कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ लेने के लिए इस मुद्दे को हवा दे रही है।
गुजरात की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। राज्य कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि गुजरात के मतदाता सूची में लाखों नाम फर्जी, नकली या डुप्लीकेट हैं। उन्होंने कहा कि यह चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और लोकतंत्र के लिए गंभीर खतरा है। कांग्रेस ने इस मामले में पुख्ता सबूत जुटाने का दावा किया है और इन्हें जल्द सार्वजनिक करने की घोषणा की है।
चुनाव आयोग पर सवाल
अमित चावड़ा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि चुनाव आयोग (ईसी) राहुल गांधी से वोट चोरी और मतदाता सूची में गड़बड़ी के आरोपों पर हलफनामा भाजपा के दबाव में मांग रहा है। उन्होंने सवाल उठाया, 'चुनाव आयोग को खुद इस मामले में स्पष्ट जवाब देना चाहिए। भाजपा के नेता क्यों इतनी सफाई दे रहे हैं जैसे वे रंगे हाथ पकड़े गए हों? हमें पूरा विश्वास है कि आयोग पर दबाव है। आने वाले दिनों में सच्चाई सबके सामने होगी और सारा खेल उजागर हो जाएगा।'
विज्ञापन
बिहार जैसा मामला गुजरात में भी
अमित चावड़ा ने बताया कि बिहार में वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के जो मामले कांग्रेस ने उजागर किए थे, वैसा ही पैटर्न गुजरात में भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा, 'गुजरात कांग्रेस राज्य की मतदाता सूचियों का विश्लेषण कर रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लाखों मतदाता या तो फर्जी हैं, या डुप्लीकेट नाम से दर्ज हैं। कुछ जगहों पर एक ही व्यक्ति का नाम कई बार दर्ज मिला है। इन सभी मामलों के सबूत हमारे पास मौजूद हैं और इन्हें आने वाले दिनों में जनता के सामने लाया जाएगा।'
भाजपा का पलटवार
इस आरोप पर गुजरात भाजपा प्रवक्ता याग्नेश दवे ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में हार का डर सता रहा है, इसलिए वह वोट चोरी जैसे बचकाने आरोप लगा रही है। उन्होंने चुनाव आयोग की स्वतंत्रता का हवाला देते हुए कहा, 'यही चुनाव आयोग है जिसके तहत कांग्रेस को कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और तेलंगाना में पूर्ण बहुमत की सरकार मिली। तमिलनाडु और झारखंड में आप गठबंधन सरकार चला रहे हैं। तब तो आपको कहीं वोट चोरी नजर नहीं आई?'