भाजपा की सफाई - आरोप बेबुनियाद
वहीं, भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि केंद्र सरकार पर यह आरोप लगाना सही नहीं है कि वह किसानों की आवाज नहीं सुन रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद समाज के हर वर्ग से सीधा संवाद करते रहते हैं। किसानों, महिलाओं, छात्रों, वंचित वर्गों के विशेष कार्यक्रम कर वे सीधे उनसे संवाद करते हैं। पूरे देश ने देखा कि एक मुद्दे पर अड़कर विपक्ष ने संसद को सही तरीके से चलने नहीं दिया और सार्थक बहस नहीं होने दी।
भाजपा नेता ने कहा कि किसानों से भी केंद्र सरकार अब तक 12 दौर की बातचीत कर चुकी है। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर खुद किसानों से कई दौर की बातचीत कर चुके हैं। उन्होंने अभी भी कहा है कि सरकार खुले मन से किसानों से बातचीत को तैयार है। उन्होंने आरोप लगाया कि लेकिन कुछ लोग केंद्र और किसानों के बीच बातचीत में व्यर्थ के अड़ंगे लगाकर वार्ता को सफल नहीं होने देना चाहते हैं। नेता के मुताबिक भाजपा भी इसी प्रकार किसानों, युवाओं, महिलाओं से सीधे संवाद कर रही है। ऐसे में यह आरोप लगाना उचित नहीं है कि केंद्र सरकार या भाजपा बातचीत को लेकर सकारात्मक नहीं है।